20-Feb-2026
...


- 896 प्रतिबंधित कैप्सूल के साथ 3 आरोपी गिरफ्तार सरगुजा(ईएमएस)। संभागीय आबकारी उड़नदस्ता सरगुजा की टीम ने नशीली दवाओं के अवैध कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कुल 896 नग प्रतिबंधित स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल बरामद किए गए हैं। सभी को एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया गया है। कार्रवाई सहायक जिला आबकारी अधिकारी रंजीत गुप्ता के नेतृत्व में की गई। टीम दरिमा थाना क्षेत्र के कत्कालो बाजार में गश्त पर थी, तभी एक संदिग्ध बाइक सवार को रुकने का इशारा किया गया। वह भागने लगा, लेकिन पीछा कर उसे पकड़ लिया गया। आरोपी की पहचान मुकेश गुप्ता (निवासी करजी) के रूप में हुई। तलाशी में उसके झोले से 224 नशीले कैप्सूल बरामद हुए। इसी दिन शाम को मुखबिर से सूचना मिली कि बतौली थाना क्षेत्र में नशीले कैप्सूल की सप्लाई होने वाली है। टीम ने सुअरपारा पानी टंकी के पास घेराबंदी कर राहुल तिग्गा और नितेश चौहान (निवासी बिरिमकेला) को पकड़ लिया। उनके पास से 472 स्पास्मो प्रॉक्सीवॉन प्लस कैप्सूल जब्त किए गए। तीनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 22(सी) के तहत मामला दर्ज कर विधिवत कार्रवाई की गई है। आबकारी विभाग ने अवैध नशीले पदार्थों के खिलाफ आगे भी सख्त अभियान जारी रखने की बात कही है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)20 फरवरी 2026