कांकेर(ईएमएस)। जिले के विकासखंड दुर्गूकोंदल अंतर्गत ग्राम पंचायत मंगहूर के आश्रित ग्राम खेड़ेगांव में निर्मित किया जा रहा उप स्वास्थ्य केंद्र पिछले पाँच वर्षों से अधूरा पड़ा है। ठेकेदार द्वारा भवन निर्माण कार्य बीच में ही छोड़ दिए जाने के कारण यह केंद्र आज तक पूर्ण नहीं हो सका, जिससे ग्रामीणों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों के अनुसार, उप स्वास्थ्य केंद्र का निर्माण कार्य वर्षों पहले शुरू हुआ था, लेकिन कुछ समय बाद ठेकेदार ने काम बंद कर दिया। वर्तमान में भवन आधा-अधूरा, बंद और अनुपयोगी अवस्था में पड़ा है। समय बीतने के साथ निर्माण सामग्री खराब हो रही है और भवन के जर्जर होने की आशंका भी बढ़ती जा रही है। ग्रामीणों ने बताया कि इस संबंध में कई बार शासन-प्रशासन और संबंधित विभाग को लिखित एवं मौखिक शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। न तो निर्माण कार्य पूरा कराया गया और न ही ठेकेदार की जवाबदेही तय की गई है। उप स्वास्थ्य केंद्र अधूरा रहने से गर्भवती महिलाओं, बच्चों, बुजुर्गों और सामान्य मरीजों को उपचार के लिए दूरस्थ गांवों या दुर्गूकोंदल अस्पताल जाना पड़ता है। कई बार आपातकालीन स्थिति में समय पर इलाज न मिल पाने की समस्या भी सामने आती है। ग्रामीणों का कहना है कि यदि उप स्वास्थ्य केंद्र पूर्ण हो जाता, तो प्राथमिक उपचार, टीकाकरण और अन्य स्वास्थ्य सेवाएं गांव में ही उपलब्ध हो सकती थीं। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र निर्माण कार्य पूर्ण कराकर स्वास्थ्य सुविधाएं बहाल करने की मांग की है। ईएमएस(राकेश गुप्ता)20 फरवरी 2026