राष्ट्रीय
20-Feb-2026
...


शिमला,(ईएमएस)। हिमाचल प्रदेश सरकार ने वित्तीय दबाव को देखते हुए राज्य में प्रवेश करने वाले बाहरी राज्यों के वाहनों के लिए एंट्री फीस में भारी बढ़ोतरी का फैसला किया है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व वाली सरकार ने नई बैरियर नीति लागू करते हुए एंट्री टैक्स लगभग ढाई गुना तक बढ़ा दिया है। नई दरें एक अप्रैल से प्रदेश के 55 एंट्री बैरियरों पर लागू होंगी। नई दरों के अनुसार, बाहरी राज्यों से आने वाले सामान्य वाहनों को अब 170 रुपये एंट्री फीस देनी होगी, जबकि पहले यह 70 रुपये थी। 12 प्लस 1 सवारी क्षमता वाले वाहनों से भी 170 रुपये वसूले जाएंगे। हैवी वाहनों का शुल्क 720 रुपये से बढ़ाकर 900 रुपये कर दिया गया है। निर्माण कार्य में उपयोग होने वाली मशीनरी जैसे जेसीबी और अन्य भारी उपकरणों का शुल्क 570 रुपये से बढ़कर 800 रुपये हो गया है। ट्रैक्टरों का प्रवेश शुल्क 70 रुपये से 100 रुपये किया गया है। डबल एक्सल बस और ट्रक के लिए शुल्क यथावत 570 रुपये रहेगा। हिमाचल पंजीकरण वाले वाहनों पर कोई बदलाव नहीं होगा। मुख्य बैरियरों में सिरमौर का गोविंदघाट, नूरपुर का कंडवाल, ऊना का मैहतपुर, बद्दी, परवाणू और बिलासपुर के गरामोड़ा शामिल हैं। सरकार ने इन बैरियरों पर फास्टैग सिस्टम भी लागू करने की तैयारी शुरू कर दी है, ताकि शुल्क वसूली में पारदर्शिता और गति बनी रहे। सरकार का कहना है कि यह कदम वित्तीय संतुलन बनाने और राजस्व संग्रह बढ़ाने के लिए जरूरी था। हालांकि पर्यटन और व्यापारिक गतिविधियों से जुड़े लोगों का मानना है कि बढ़ी हुई फीस सैलानियों पर अतिरिक्त बोझ डाल सकती है और पड़ोसी राज्यों की ओर रुख बढ़ सकता है। हिदायत/ईएमएस 20फरवरी26