क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


राजगढ़(ईएमएस) शुक्रवार को जिले के खिलचीपुर ओंकारेश्वर बाईपास पर एक ऐसा हादसा हुआ जिसने वहां मौजूद लोगों को आश्चर्य में डाल दिया। नीमच-निमवाड़ा मार्ग से सीमेंट से भरे दो ट्रेलर (ट्रक) खिलचीपुर तहसील के दोवड़ा गांव के पास स्थित प्लांट की ओर जा रहे थे। बायपास के पास आगे चल रहे ट्रेलर RJ09 GD 1289 के ड्राइवर ब्रजेश जाट, केकड़ी (भीलवाड़ा) निवासी ने अचानक ब्रेकर देखकर ट्रेलर को रोका। पीछे से आ रहे दूसरे ट्रेलर RJ09 GD 8935 के ड्राइवर शिवराम जाट ने भी ब्रेक लगाया, लेकिन तेज रफ्तार के कारण उनका ट्रेलर आगे वाले में जा घुसा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पीछे वाले ट्रेलर का अगला हिस्सा, इंजन सहित, आगे वाले ट्रेलर के पिछले हिस्से में पूरी तरह घुस गया और वाहन चकनाचूर हो गया। हैरानी की बात यह रही कि, घटना में दोनों ड्राइवरो को मामूली खरोंच तक नहीं आई । हादसे के बाद ब्रजेश जाट ने शायरी अंदाज में कहा, “सीख ले बेटा ड्राइवरी, फूटे तेरे करम, रोटी मिलेगी कभी-कभी, सोना अगले जन्म… ऐसी हालत होती है हम ड्राइवर की।”स्थानीय लोगों ने बताया कि यदि दूरी और रफ्तार का ध्यान नहीं रखा गया होता, तो बड़ा हादसा हो सकता था। बताया गया कि वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए, लेकिन किसी के जीवन को कोई खतरा नहीं हुआ। दोनों ट्रेलर एक ही कंपनी के हैं और हादसे के कारण कंपनी को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।-निखिल/राजगढ़/20/2/2026