क्षेत्रीय
20-Feb-2026
...


ब्यावरा(ईएमएस)शुक्रवार दोपहर को भोपाल हाईवे पर फुंदा मार्केट के पास एक तेज रफ्तार कंटेनर ने बाइक सवार युवक को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में 22 वर्षीय युवक लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसे गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी अनुसार लसूल्डी महाराजा का रहने वाला रोहित वर्मा (22) दोपहर करीब 3 बजे ब्यावरा से अपने गांव लौट रहा था। तभी फुंदा मार्केट के पास सामने से आ रहे एक कंटेनर ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रोहित को संभलने का मौका तक नहीं मिला और वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया। हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों का हुजूम जमा हो गया। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्परता दिखाते हुए एंबुलेंस को फोन किया और रोहित को सिविल अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल डॉक्टरों की टीम उसका इलाज कर रही है, हालांकि चोटें ज्यादा होने के कारण वह अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। वही कंटेनर चालक वाहन लेकर मौके से भाग निकला। सूचना मिलते ही देहात थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और घायल का हाल जाना। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश के लिए नाकेबंदी शुरू कर दी है।-निखिल /ब्यावरा/20/2/2026