मनोरंजन
21-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। राजस्थान की ब्लू सिटी जोधपुर के ऐतिहासिक स्थलों पर अभिनेत्री अनन्या पांडे और श्रुति हासन स्टारर वेब सीरीज कॉल मी बे की शूटिंग जोर-शोर से जारी है। इस सीरीज के अहम दृश्य हाल ही में महिलाबाग झालरा में फिल्माए गए, जहां रंग-बिरंगी लाइट्स और भव्य सेटअप ने माहौल को पूरी तरह फिल्मी बना दिया। इससे पहले खींवसर और लूणी फोर्ट में भी शूटिंग पूरी की जा चुकी है। निर्माता करन जोहर के बैनर तले बन रही इस सीरीज में अनन्या और श्रुति के साथ वीरदास दास, वीहान सामत, गुरफतेह पीरजादा, मुस्कान जाफरी, लारा दत्ता और लिसा मिश्रा जैसे कई कलाकार अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। पूरी स्टारकास्ट की मौजूदगी से शूटिंग स्थल पर उत्साह और रोमांच चरम पर रहा। शाम ढलते ही महिलाबाग झालरा रोशनियों से नहाने लगा और देर रात तक ‘लाइट, कैमरा, एक्शन’ की आवाजें गूंजती रहीं। पारंपरिक जोधपुरी वातावरण और आधुनिक फिल्मांकन तकनीक का सुंदर संगम शूटिंग में साफ नजर आया। शूटिंग की जानकारी मिलते ही आसपास के इलाकों से भारी संख्या में स्थानीय लोग और पर्यटक स्थल पर पहुंचने लगे। सुरक्षा के कड़े इंतजामों के बावजूद लोग अपने पसंदीदा सितारों की एक झलक पाने को उत्सुक दिखे। कलाकारों ने भीड़ के बीच पूरी प्रोफेशनलता के साथ अपने सीन पूरे किए। जोधपुर के ऐतिहासिक स्थलों पर हो रही इस शूटिंग से न सिर्फ स्थानीय लोगों में उत्साह बढ़ा है, बल्कि शहर के पर्यटन और फिल्म उद्योग को भी नई गति मिलने की उम्मीद की जा रही है। फिल्मांकन से रोजगार के अवसर बढ़ रहे हैं और शहर की समृद्ध सांस्कृतिक धरोहर देश–दुनिया तक पहुंच रही है, जिससे जोधपुर की पहचान और मजबूत होगी। सोशल मीडिया पर महिलाबाग झालरा में हुई शूटिंग की तस्वीरें और वीडियो तेज़ी से वायरल हो रहे हैं। स्थानीय युवाओं ने अनन्या पांडे और श्रुति हासन की झलक कैमरे में कैद कर इंस्टाग्राम व अन्य प्लेटफॉर्म पर साझा की, जिसके बाद जोधपुर एक बार फिर ट्रेंड में आ गया। सुदामा/ईएमएस 21 फरवरी 2026