मनोरंजन
21-Feb-2026
...


मुंबई (ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेता शाहिद कपूर और तृप्ति डिमरी स्टारर रोमांटिक थ्रिलर ओ रोमियो ने बॉक्स ऑफिस पर शुरूआती वीकेंड में तेज रफ्तार पकड़ी थी। वीकएंड आते-आते फिल्म की कमाई में गिरावट देखी जा रही है। इस फिल्म ने अपने छठे दिन यानी बुधवार को 3.5 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। पहले पांच दिनों के मजबूत प्रदर्शन की बदौलत फिल्म का कुल घरेलू बॉक्स ऑफिस कलेक्शन अब 43.85 करोड़ रुपये पहुंच गया है। 13 फरवरी को रिलीज हुई ‘ओ रोमियो’ की टक्कर उसी दिन रिलीज हुई तू या मैं से रही, जिसमें आदर्श गौरव और शनाया कपूर नजर आए। बावजूद इसके यह फिल्म शुरुआती दिनों में अच्छी पकड़ बनाए रखने में सफल रही। बॉक्स ऑफिस के मुताबिक, ‘ओ रोमियो’ ने पहले दिन 8.5 करोड़, दूसरे दिन 12.5 करोड़ और तीसरे दिन 9 करोड़ रुपये कमाए थे। सोमवार को कलेक्शन 4.85 करोड़ तक आ गया, जबकि मंगलवार को इसमें हल्की बढ़ोतरी के साथ 5.35 करोड़ का बिजनेस हुआ। छठे दिन यानी बुधवार को यह कमाई घटकर 3.5 करोड़ पर पहुंच गई। फिल्म की शुरुआत अच्छी रही, लेकिन वीकडेज में गिरावट ने इसकी रफ्तार धीमी कर दी है। अब निगाहें इस पर हैं कि क्या फिल्म दूसरे वीकेंड में अपनी स्पीड वापस पकड़ पाएगी। कहानी की बात करें तो ‘ओ रोमियो’ माफिया क्वीन्स आफ मुंबई के एक अध्याय से प्रेरित है। फिल्म मुंबई के अंडरवर्ल्ड की पृष्ठभूमि पर आधारित है, जिसमें शाहिद कपूर उस्तरा नाम के गैंगस्टर की भूमिका निभा रहे हैं। उनके साथ त्रप्ति डिमरी अफशां के किरदार में नजर आई हैं। इसके अलावा नाना पाटेकर, अविनाश तिवारी, विक्रांत मैसी, दिशा पटानी और तमन्ना भाटिया जैसे कई कलाकार भी महत्वपूर्ण भूमिकाओं में हैं। शाहिद कपूर और निर्देशक विशाल भारद्वाज की यह चौथी फिल्म है। इससे पहले दोनों ‘कमीने’, ‘हैदर’ और ‘रंगून’ में साथ काम कर चुके हैं। बजट की बात करें तो मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार ‘ओ रोमियो’ का निर्माण 125 से 150 करोड़ रुपये के बजट में हुआ है। ऐसे में हिट होने के लिए फिल्म को कम से कम 125 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार करना होगा। फिल्म का प्रदर्शन अभी तक ठीक रहा है, लेकिन इसके आगे का सफर काफी हद तक दूसरे वीकेंड की कमाई पर निर्भर करेगा। थिएटर रन के बाद फिल्म के अमेजन प्राइम वीडियो पर स्ट्रीम होने की उम्मीद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह मार्च से अप्रैल 2026 के बीच ओटीटी पर रिलीज की जा सकती है। सुदामा/ईएमएस 21 फरवरी 2026