खेल
21-Feb-2026
...


रद्द होने पर होगा पाकिस्तान को बड़ा नुकसान नई दिल्ली (ईएमएस)। आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप के सुपर-8 चरण में पाकिस्तान अपना पहला मुकाबला आज शाम न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने उतरेगा। मैच कोलंबो के आर. प्रेमदासा स्टेडियम में निर्धारित है और फैंस इस हाई-वोल्टेज भिड़ंत के लिए बेहद उत्साहित हैं। हालांकि उनकी उम्मीदों पर पानी फिर सकता है, क्योंकि मुकाबले पर बारिश का गहरा संकट मंडरा रहा है। मौसम विभाग ने शाम के समय बारिश की संभावना जताई है, जिससे मैच के रद्द होने की आशंका बढ़ गई है। यदि मुकाबला नहीं हो पाता, तो अंक दोनों टीमों के बीच बांटे जाएंगे और इस स्थिति में नुकसान पाकिस्तान का होगा, जिसका नेट रन रेट न्यूजीलैंड से कम है। पाकिस्तान और न्यूजीलैंड के बीच पिछले कुछ वर्षों में रोमांचक प्रतिद्वंद्विता देखने को मिली है। जनवरी 2022 से अब तक दोनों टीमों ने 24 टी20 मुकाबले खेले हैं, जिनमें न्यूजीलैंड ने 13 बार जीत हासिल की है, जबकि पाकिस्तान 9 मैच जीत सका है। पाकिस्तानी फैंस को अभी भी 2022 टी20 वर्ल्ड कप का सेमीफाइनल याद है, जहां पाकिस्तान ने न्यूजीलैंड को हराकर फाइनल में जगह बनाई थी। वही जीत उन्हें आज भी आत्मविश्वास देती है। इस टूर्नामेंट में हालांकि दोनों टीमों का सफर स्थिर नहीं रहा न्यूजीलैंड दक्षिण अफ्रीका से हार गया जबकि पाकिस्तान को भारत के हाथों हार झेलनी पड़ी। दोनों अपने-अपने ग्रुप में दूसरे स्थान पर रहे। अब नजरें कोलंबो के मौसम पर टिकी हैं, जो सबसे बड़ी चिंता का विषय है। मैच स्थानीय समयानुसार शाम 7 बजे शुरू होगा, लेकिन शाम के पहले हिस्से में बारिश की संभावना जताई गई है। यदि बारिश तेज हुई तो मैदान गीला होने से टॉस और मैच की शुरुआत में देरी संभव है। तापमान 24 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहेगा और हवा में नमी 80 प्रतिशत से अधिक रहेगी, जिससे आउटफील्ड के सूखने में भी समय लग सकता है। अगर बारिश की वजह से मुकाबला रद्द होता है, तो इसका सीधा फायदा न्यूजीलैंड को होगा। दोनों टीमों के पास फिलहाल 6-6 अंक हैं, लेकिन नेट रन रेट में न्यूजीलैंड आगे है। उसका एनआरआर 1.227 है, जबकि पाकिस्तान 0.976 के नेट रन रेट के साथ सुपर-8 में पहुंचा है। सेमीफाइनल में जगह बनाने के लिए अंक बराबर होने पर नेट रन रेट निर्णायक भूमिका निभाएगा, इसलिए बारिश से मैच धुलने की सूरत में पाकिस्तान की राह मुश्किल हो सकती है। फैंस अब मौसम के बदलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं, ताकि यह मुकाबला अपने पूरे रोमांच के साथ खेला जा सके और सुपर-8 की तस्वीर और स्पष्ट हो सके। डेविड/ईएमएस 220261 फरवरी