राज्य
21-Feb-2026
...


भिंड(ईएमएस)। भिंड जिले में शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसने पांच परिवारों की खुशियां छीन लीं। गोहद चौराहा थाना अंतर्गत छींमका गांव के पास नेशनल हाईवे-719 पर रात लगभग 2:30 बजे एक यात्री बस और वैन के बीच आमने-सामने की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। इस भीषण टक्कर में पांच लोगों की जान चली गई, जबकि सात अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। दुर्घटना इतनी भयानक थी कि वैन का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और उसमें सवार यात्री मलबे के भीतर ही फंस गए। स्थानीय पुलिस प्रशासन के अनुसार, ईको वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड की ओर आ रही थी, जबकि बस भिंड से ग्वालियर की ओर जा रही थी। हादसे वाली जगह पर एक तीखा अंधा मोड़ है, जहां संभवतः दोनों वाहनों की तेज रफ्तार और बस चालक की लापरवाही इस त्रासदी का कारण बनी। भिंड के पुलिस अधीक्षक असित यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और बचाव कार्य शुरू किया गया। अधिकारियों ने बताया कि चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया। मृतकों में से फिलहाल दो की पहचान अतुल शिवहरे (निवासी फूप) और जगदीश भदौरिया (निवासी स्योड़ा गांव) के रूप में हुई है। अन्य मृतकों की शिनाख्त के लिए पुलिस वाहन नंबर और दस्तावेजों की मदद ले रही है। हादसे में घायल हुए सात यात्रियों, जिनमें केतु, संतोष, प्रदीप, मेंवाराम, राम लखन, मीरा और सुखबीर सिंह शामिल हैं, को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए ग्वालियर रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को क्रेन की मदद से सड़क से हटाकर यातायात बहाल कराया और शवों को पोस्टमार्टम के लिए गोहद अस्पताल भेजा।यह दुर्घटना नेशनल हाईवे पर सुरक्षा के दावों की पोल खोलती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तमाम विरोध-प्रदर्शनों और सुरक्षा उपायों के बावजूद इस मार्ग पर तेज रफ्तार वाहनों और ओवरलोडिंग के कारण हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। अंधे मोड़ों पर पर्याप्त संकेतक न होना और रात्रि में वाहनों की अनियंत्रित गति ने इस हाईवे को बेहद खतरनाक बना दिया है। फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और परिवारों को इस दुखद घड़ी में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया गया है। वीरेंद्र/ईएमएस/21फरवरी2026