बिलासपुर (ईएमएस)। शांता फाउंडेशन द्वारा स्वर्गीय मुरलीधर वैष्णव की पुण्य तिथि के अवसर पर मानवीय संवेदना का अनुकरणीय उदाहरण प्रस्तुत किया गया। उनके परिजनों की ओर से कुष्ठ आश्रम में निवासरत कुष्ठ रोगियों को रात्रि भोजन कराया गया। इस अवसर पर शांता फाउंडेशन के संस्थापक एवं गौ सेवक समाजसेवी नीरज गेमनानी ने बताया कि संस्था द्वारा समय-समय पर आश्रमों में निवासरत जरूरतमंदों की सेवा की जाती रही है। उन्होंने कहा कि समाज के उपेक्षित वर्गों की सेवा करना ही संस्था का मुख्य उद्देश्य है और आगे भी इसी प्रकार सेवा कार्य निरंतर जारी रहेंगे।कुष्ठ आश्रम में आयोजित इस सेवा कार्यक्रम के दौरान रोगियों को ससम्मान भोजन कराया गया, जिससे उनके चेहरों पर संतोष और खुशी झलकती दिखाई दी। आयोजन में निकिता वैष्णव, सृष्टि सिंह, अनीता तिवारी, जसमीत टुटेजा, आशीष सिंह राजपूत सहित अन्य सेवाभावी लोग उपस्थित रहे।स्थानीय लोगों ने शांता फाउंडेशन की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्य समाज में करुणा, सहयोग और मानवीय मूल्यों को मजबूत करते हैं। यह आयोजन स्वर्गीय मुरलीधर वैष्णव की स्मृति को समर्पित एक प्रेरणादायी सेवा कार्य के रूप में याद किया जाएगा। मनोज राज