क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। भाजपा किसान मोर्चा जिला बिलासपुर ग्रामीण अध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे के नेतृत्व में ग्राम पंचायत मानिकपुर एवं सीलपहरी में वीबीजी रामजी मजदूर-किसान चौपाल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। चौपाल में श्रमिकों और किसानों से सीधा संवाद कर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार का खंडन किया गया तथा रामजी योजना से मिलने वाले लाभों की जानकारी दी गई। प्रदेश महामंत्री राकेश तिवारी ने मनरेगा और रामजी योजना के बीच तुलनात्मक लाभ बताते हुए कहा कि पहले जहां 100 दिन का रोजगार मिलता था, अब 125 दिन का प्रावधान किया गया है। पहले भुगतान 15 दिन में होता था, जबकि अब 7 दिन में अनिवार्य भुगतान की व्यवस्था है। प्रशासकीय मद 6 प्रतिशत से बढ़ाकर 9 प्रतिशत किया गया है। अधिनियम उल्लंघन पर जुर्माना पहले 1 हजार रुपये था, जिसे बढ़ाकर 10 हजार रुपये किया गया है। जिला अध्यक्ष धीरेन्द्र दुबे ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस को काम से नहीं, राम के नाम से विरोध है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने पहले योजनाओं के नाम बदले और मजदूरों के अधिकारों को कमजोर किया। वहीं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अधिनियम में संशोधन कर विकसित भारत की दिशा में ठोस कदम बढ़ाया है। प्रदेश प्रवक्ता बी.पी. सिंह ने बताया कि सामग्री मद में राज्य हिस्सेदारी 25 प्रतिशत से बढ़ाकर 60:40 कर दी गई है, जबकि उत्तर-पूर्वी राज्यों के लिए 90:10 का प्रावधान रखा गया है। कार्यक्रम में मंडल महामंत्री जितेन्द्र राय, पार्षद लक्ष्मी यादव, सरपंच-पंच तथा सैकड़ों किसान-मजदूर उपस्थित रहे। मनोज राज 21 फरवरी 2026