बिलासपुर (ईएमएस)। बेरोजगार युवाओं को नौकरी दिलाने का झांसा देकर 25 लाख रुपए की ठगी करने वाला शातिर आरोपी आखिरकार पुलिस के हत्थे चढ़ गया। तीन साल से फरार चल रहा आरोपी गांव में ही दबिश के दौरान गिरफ्तार कर लिया गया। वह अक्टूबर 2023 से पुलिस को चकमा दे रहा था। थाना हिर्री क्षेत्र में दर्ज इस मामले में पुलिस ने ग्राम छैडोलिया, थाना मुलमुला, जिला जांजगीर-चांपा निवासी राजा भैया लहरे (26) को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 10/2026, धारा 420 भादवि के तहत प्रकरण दर्ज है। पुलिस के अनुसार पामगढ़ क्षेत्र के चंडीपारा उरईहा निवासी अंबिका प्रसाद भारद्वाज ने शिकायत दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उनके पुत्र राहुल भारद्वाज और भतीजे हरीश को सरकारी नौकरी दिलाने का भरोसा दिलाया। सेटिंग और पक्की नियुक्ति का झांसा देकर आरोपी ने ऑनलाइन बैंक ट्रांजेक्शन के माध्यम से 17 लाख 65 हजार रुपए तथा 7 लाख 35 हजार रुपए नकद ले लिए। कुल 25 लाख रुपए लेने के बाद आरोपी अक्टूबर 2023 से फरार हो गया। गुमशुदगी दर्ज कर बचने की कोशिश पीडि़त द्वारा रकम की मांग करने पर आरोपी के परिजनों ने थाना मुलमुला में गुम इंसान क्रमांक 56/2023 दर्ज करा दी, ताकि कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके। इसके बाद पीडि़ति ने न्यायालय में परिवाद पेश किया। न्यायालय के आदेश पर थाना हिर्री में अपराध पंजीबद्ध कर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। लगातार बदल रहा था ठिकाना जांच के दौरान पता चला कि आरोपी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार अपना ठिकाना बदल रहा था। मुखबिर सूचना के आधार पर 20 फरवरी को पुलिस टीम ने ग्राम छैडोलिया में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया। आरोपी के कब्जे से 75 हजार रुपए नकद और एक मोबाइल फोन जब्त किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश कर दिया है। मामले की विवेचना जारी है। यह भी जांच की जा रही है कि कहीं आरोपी ने अन्य युवाओं को भी इसी तरह नौकरी का झांसा देकर ठगी तो नहीं की। मनोज राज 21 फरवरी 2026