क्षेत्रीय
21-Feb-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। शुक्रवार शाम रतनपुर-कोटा मार्ग पर अचानक जोरदार धमाका गूंजा और कुछ ही सेकंड में सडक़ खून से लाल हो गई। दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत इतनी भीषण थी कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरा युवक जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहा है। रतनपुर थाना क्षेत्र के रतनपुर-कोटा मार्ग पर शुक्रवार शाम करीब 7 बजे दर्दनाक सडक़ हादसा हो गया। जूना शहर के पास दो बाइकों की सीधी टक्कर में भरवीडीह निवासी 61 वर्षीय मनहरण कमल और 35 वर्षीय शिव धनुहार की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरी बाइक में पीछे बैठा कृष्णा धनुहार गंभीर रूप से घायल हो गया। मिली जानकारी के अनुसार मनहरण कमल कोटा रेलवे स्टेशन में चौकीदार के पद पर कार्यरत थे। वे अपनी ड्यूटी के लिए बाइक क्रमांक सीजी 10 एजे 4464 से कोटा जा रहे थे। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रही बाइक क्रमांक सीजी 10 बीवी 9022 से उनकी जोरदार भिड़ंत हो गई। दूसरी बाइक पर शिव धनुहार और कृष्णा धनुहार सवार थे, जो बारात में शामिल होने जा रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सडक़ पर दूर जा गिरे। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। घायल कृष्णा को रतनपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां से उसकी हालत गंभीर होने पर बिलासपुर रेफर कर दिया गया। पोस्टमार्अम के लिए भेजा गया शव रतनपुर पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की मुख्य वजह बताई जा रही है। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है। मनोज राज 21 फरवरी 2026