अंतर्राष्ट्रीय
21-Feb-2026


गेमिंग कंसोल छीनने से था नाराज, दंपति ने 2018 में लिया था गोद वाशिंगटन,(ईएमएस)। अमेरिका के पेंसिल्वेनिया में एक 11 साल के लड़के क्लेटन पर आरोप है कि उसने अपने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। यह घटना 13 जनवरी को उसके जन्मदिन की रात घर में हुई। बताया जा रहा है कि गेमिंग कंसोल छीन लेने की बात पर वह नाराज हो गया था। उस पर आपराधिक हत्या का मामला दर्ज किया गया है। अपराध की गंभीरता को देखते हुए कोर्ट ने उसे बाल अदालत की जगह एडल्ट के रूप में मुकदमा चलाने का आदेश दिया है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक आरोपी लड़का गुरुवार को वह पहली बार अदालत में पेश हुआ। उसके हाथों में हथकड़ी थी। पुलिस के मुताबिक वीडियो गेम को लेकर गोद लिए लड़के और उसके माता-पिता के बीच बहस हो गई थी। पुलिस ने बताया कि लड़के ने अपने 42 साल के पिता डगलस डिट्ज को सिर में गोली तब मारी जब वे सो रहे थे। उसने घर के बेडरूम में रखी एक तिजोरी से रिवॉल्वर निकालकर वारदात को अंजाम दिया। पुलिस के मुताबिक आधी रात के कुछ समय बाद यह गोलीबारी हुई। परिवार जन्मदिन मनाने के बाद सोने चला गया था। बच्चे की मां ने पुलिस को बताया कि गोली की आवाज सुनकर उनकी नींद खुली। उन्होंने अपने पति को जगाने की कोशिश की, लेकिन देखा कि उनके सिर से खून निकल रहा था और वे हिल नहीं रहे थे। रिपोर्टों के मुताबिक कोर्ट के दस्तावेजों में कहा गया है कि क्लेटन ने माना कि उसके दिमाग में पहले से कोई था जिसे वह गोली मारना चाहता था। उसने रिवॉल्वर में गोली भरी और सोते समय अपने पिता को गोली मार दी। फिलहाल लड़का हिरासत में है। उसकी उम्र कम होने के कारण अधिकारियों ने उसकी पहचान सार्वजनिक नहीं की है। क्लेटन को साल 2018 में डगलस और जिलियन डिट्ज ने गोद लिया था। सिराज/ईएमएस 21फरवरी26 ---------------------------------