मुंगेली(ईएमएस)। जिले में भाजपा मंडल अध्यक्ष की महिंद्रा XUV300 कार में अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और कार में सवार सभी लोग सुरक्षित बाहर निकल आए। जानकारी के अनुसार, भाजपा मंडल अध्यक्ष दिनेश कश्यप डिप्टी सीएम अरुण साव के कार्यक्रम में शामिल होने बृंदावल की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनकी महिंद्रा XUV300 कार अखरार के पास पहुंची, अचानक वाहन से धुआं उठने लगा और कुछ ही पलों में आग की लपटें दिखाई देने लगीं। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग तेजी से फैलते हुए पूरी गाड़ी को अपनी चपेट में ले लिया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कार में सवार तीनों लोग तुरंत बाहर निकल गए। समय रहते वाहन से बाहर आ जाने के कारण बड़ा हादसा टल गया। बताया जा रहा है कि यह कार पिछले दीवाली पर ही खरीदी गई थी। आगजनी की घटना में वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का प्रयास किया। घटना के बाद दिनेश कश्यप ने बताया कि यह ईश्वर की कृपा रही कि सभी लोग सुरक्षित हैं। उन्होंने कहा कि वे डिप्टी सीएम के साथ आगे रवाना हो गए थे, जबकि उनकी कार में तीन साथी सवार थे। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)21 फरवरी 2026