मुंबई, (ईएमएस)। मुंबई के पश्चिमी उपनगर कांदिवली के चारकोप इलाके में भाजपा विधायक ने एक बड़ी कार्रवाई की है। चारकोप विधानसभा क्षेत्र के भाजपा विधायक योगेश सागर ने अपने विधानसभा क्षेत्र में पान की दुकान के नाम पर ड्रग्स बेचने के गोरखधंधे को पुलिस के सामने लाया है। उन्होंने पान की दुकान पर छापा मारा और उस दुकान से नशीला पदार्थ ज़ब्त कर लिया। दरअसल पिछले कई दिनों से विधायक योगेश सागर को जानकारी मिल रही थी कि कांदिवली के महावीर नगर 6 इलाके में दुकान पर पान और सिगरेट के नाम पर कई तरह का नशीला पदार्थ बेचा जा रहा है। इसके बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस की मदद ली और दुकान पर छापा मारा। इस दौरान विधायक योगेश सागर के साथ नगरसेवक बाला तावड़े, स्थानीय नगरसेवकों लीना देहरकर, हिमांशु पारेख, पूर्व नगरसेविका प्रतिभा गिरकर और पार्टी के पदाधिकारी भी थे। उन्होंने एक ही समय में महावीर नगर इलाके की कई पान की दुकानों पर छापा मारा जिससे वहां हड़कंप मच गया। स्वेता/संतोष झा- २१ फरवरी/२०२६/ईएमएस