कल्याण, (ईएमएस)। कल्याण में सहायक पुलिस आयुक्त के ऑफिस में साढ़े पांच फुट का बहुत जहरीला कोबरा सांप घुसने से हड़कंप मच गया। ऑफिस में काम कर रही महिला पुलिस कर्मियों ने डर के मारे खुद को आधे घंटे तक कमरे में बंद कर लिया और अन्य लोग वहां से दूर भाग गए। इस दौरान सर्प मित्रों के मौके पर पहुंचने और सांप को पकड़ने के बाद स्थिति काबू में आई। जानकारी के अनुसार कल्याण पश्चिम के अंबेडकर रोड इलाके में स्थित एसीपी ऑफिस में अचानक साढ़े पांच फुट का कोबरा सांप घुस आया। इससे ऑफिस में दहशत का माहौल बन गया। ऑफिस में अचानक घुस आए इस जहरीले सांप से कर्मचारी डर गए। खासकर, एक कमरे में काम कर रही महिला पुलिस कर्मियों ने तुरंत दरवाजा बंद कर लिया और खुद को आधे घंटे तक अंदर बंद करके सुरक्षित रखा। इसके बाद जब सांप को एसीपी के मेन ऑफिस की तरफ बढ़ते देखा गया, तो कर्मचारी कमरे से बाहर निकलकर सुरक्षित जगह पर भाग गए। गनीमत ये रही कि घटना के समय एसीपी ऑफिस में मौजूद नहीं थे। घटना की जानकारी मिलते ही सर्प मित्र तुरंत मौके पर पहुंचे और बहुत सावधानी से उस ज़हरीले सांप को पकड़कर वन विभाग को सौंप दिया। जिसे बाद में जंगल में छोड़ दिया गया। संतोष झा- २१ फरवरी/२०२६/ईएमएस