भिंड ( ईएमएस ) गोहद चौराहा थाना अंतर्गत छींमका गांव के पास नेशनल हाईवे-719 पर रात 2.30 बजे एक बस और वैन के बीच हुई टक्कर में में 5 लोगों की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हैं। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वैन पूरी तरह पिचक गई। उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। गोहद चौराहा थाना पुलिस के अनुसार, ईको वैन ग्वालियर से सवारियों को लेकर भिंड की ओर आ रहा था, जबकि बस भिंड से ग्वालियर की ओर जा रही थी। हादसे में चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। एक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ा। वहीं, घायलों को एम्बुलेंस से ग्वालियर रेफर किया गया। जयारोग्य हॉस्पिटल में उनका इलाज चल रहा है। सभी मृतकों की पहचान हो गई है। इनमें प्रदीप प्रजापति पुत्र रामप्रकाश, उसका भांजा अतुल शिवहरे निवासी फूप और जगदीश भदौरिया निवासी स्योड़ा गांव अकोड़ा और आनंद भदौरिया पुत्र मुकेश भदौरिया निवासी परसोना गांव हैं।