अलीगढ़ (ईएमएस)। प्रदेश सरकार द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही योजनाओं के अंतर्गत एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में आयोजित राज्यस्तरीय कार्यक्रम में किसानों को बड़ी राहत प्रदान की। कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत प्रदेश के 2 लाख 51 हजार किसानों को 285 करोड़ रुपये की फसल क्षतिपूर्ति राशि और मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के तहत 3500 किसान परिवारों को 175 करोड़ रुपये की सहायता राशि डीबीटी के माध्यम से वितरित की गई।लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम का सजीव प्रसारण कलेक्ट्रेट सभागार में मा0 जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं लाभार्थियों की उपस्थिति में देखा गया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह एवं कोल विधायक श्री अनिल पाराशर ने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना कल्याण योजना के अंतर्गत जिले के 41 कृषक परिवारों को 1 करोड़ 98 लाख 50 हजार रुपये के डेमो चेक प्रदान किए। वहीं प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के पात्र लाभार्थियों को 69 लाख 32 हजार 261 रुपये की धनराशि से लाभान्वित किया गया। जिला पंचायत अध्यक्ष विजय सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। बीज, कृषि यंत्रों पर अनुदान के साथ विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसान की समृद्धि ही विकसित भारत की आधारशिला है। कार्यक्रम के अंत में उपनिदेशक कृषि चौधरी अरुण कुमार ने अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत करते हुए धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की इस पहल से किसानों में विश्वास और सुरक्षा की भावना मजबूत हुई है और आपदा की स्थिति में त्वरित आर्थिक सहायता की व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया गया है। इस अवसर पर एलडीएम अशोक सोनी, जिला कृषि अधिकारी डॉ धीरेंद्र सिंह, डॉ0 भरत वार्ष्णेय, एडी सूचना संदीप कुमार, बीएससी दिव्या मौर्य सहित अधिकारी, पटल कार्मिक और बड़ी संख्या में लाभार्थीगण उपस्थित रहे। ईएमएस/धर्मेन्द्र राघव/ 21 फरवरी 2026