नई दिल्ली (ईएमएस)। ब्राजील के स्टार फुटबॉलर नेमार का करियर लगातार चोटों की वजह से प्रभावित रहा है और अब वह फुटबॉल से संन्यास लेने पर विचार कर रहे हैं। एक बातचीत के दौरान नेमार ने कहा कि उन्हें नहीं पता कि भविष्य में क्या होगा और संभव है कि जब दिसंबर आए, तो वह रिटायरमेंट का फैसला कर लें। उन्होंने बताया, मैं अब साल दर साल जी रहा हूं। यह वर्ल्ड कप का साल है, इसलिए बहुत महत्वपूर्ण है, ब्राजील के लिए और मेरे लिए भी। 34 साल के नेमार ने हाल ही में अपने बचपन के क्लब सैंटोस के साथ अनुबंध नवीनीकरण किया। जनवरी 2025 में सैंटोस लौटने के बाद उन्होंने टीम की सफलता में अहम भूमिका निभाई और सीजन के आखिरी पांच मैचों में पांच गोल किए। हालांकि, घुटने की हालिया सर्जरी और बार-बार की चोटों ने उनके करियर को गंभीर रूप से प्रभावित किया है। नेमार अक्टूबर 2023 के बाद से राष्ट्रीय टीम के लिए नहीं खेले हैं, जिससे 2026 वर्ल्ड कप में उनकी उपलब्धता पर सवाल खड़ा हो गया है। ब्राजील के मैनेजर कार्लो एंसेलोटी पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि 2026 वर्ल्ड कप के लिए केवल पूरी तरह फिट खिलाड़ी ही टीम में शामिल किए जाएंगे। नेमार ने 18 साल की उम्र में 2010 में ब्राजील की राष्ट्रीय टीम के लिए खेलना शुरू किया था और दुनिया का अगला बड़ा सितारा माने गए। अपनी असाधारण प्रतिभा के बावजूद चोटों ने उनके करियर के कई अहम साल प्रभावित किए और कई जूनियर खिलाड़ी उनसे आगे निकल गए। नेमार की भविष्य की अनिश्चितता और चोटों की वजह से उनके प्रशंसक और फुटबॉल विशेषज्ञ विश्व कप में उनके प्रदर्शन को लेकर चिंतित हैं। ब्राजील की टीम और नेमार खुद इस समय इस साल के लिए अपने स्वास्थ्य और फिटनेस पर पूरा ध्यान दे रहे हैं, ताकि निर्णायक टूर्नामेंट में पूरी तैयारी के साथ मैदान पर उतर सकें। डेविड/ईएमएस 22 फरवरी 2026