- अगले वित्त वर्ष की पहली छमाही बेहद अच्छी रहने की संभावन नई दिल्ली (ईएमएस)। टीवीएस मोटर कंपनी के एक प्रमुख अधिकारी ने कहा है कि भारत का दोपहिया उद्योग आने वाले वर्षों में सालाना 8-9 प्रतिशत की दर से बढ़ने की संभावना रखता है। उन्होंने यह वृद्धि मुख्य रूप से जीएसटी दरों में कटौती, बुनियादी ढांचे पर निवेश और अर्थव्यवस्था की समग्र वृद्धि से जोड़कर बताया। उन्होंने विश्लेषकों से बातचीत में कहा कि यह उद्योग दीर्घावधि में स्थिर और मजबूत विकास की दिशा में है। चालू वित्त वर्ष की पहली छमाही सिर्फ 2 प्रतिशत वृद्धि दर्ज कर सकी थी। उन्होंने उम्मीद जताई कि पूरे वित्त वर्ष में यह वृद्धि लगभग 9 प्रतिशत तक पहुंच सकती है। जीएसटी कटौती का लाभ उद्योग को मिल रहा है और अगले वित्त वर्ष की पहली छमाही बेहद अच्छी रहने की संभावना है। अधिकारी ने बताया कि चौथी तिमाही में उद्योग की वृद्धि 15 प्रतिशत से अधिक हो सकती है, जो कि साल के लिए सबसे मजबूत वृद्धि होगी। उन्होंने कहा कि पिछले साल सितंबर में लागू जीएसटी दरों में कटौती का असर अब चौथी तिमाही में स्पष्ट दिखेगा। उन्होंने कहा कि सड़क संपर्क में सुधार और सार्वजनिक परिवहन की चुनौतियों के कारण निजी परिवहन, विशेष रूप से दोपहिया वाहन, ग्राहकों के लिए आकर्षक विकल्प बने हैं। इसके अलावा, भारत में स्व-रोजगार वाले लोगों का बड़ा हिस्सा इसे खरीद सकते हैं और इसका इस्तेमाल अपने काम और दैनिक परिवहन में कर सकते हैं। सतीश मोरे/22फरवरी ---