व्यापार
22-Feb-2026


- 2,000 करोड़ के निवेश वाले दो बड़े एल्युमीनियम कैन उत्पादन संयंत्र पाइपलाइन में नई दिल्ली (ईएमएस)। ब्रूअर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (बीएआई) ने घोषणा की है कि बीयर उद्योग अगले तीन साल में उत्तर प्रदेश में नई इकाइयों और सहायक सुविधाओं में लगभग 5,500 करोड़ रुपये का निवेश करेगा। बीएआई के एक व‎रिष्ठ अ‎धिकारी ने बताया कि उद्योग राज्य में बड़ा दांव लगा रहा है और नई आबकारी नीति को प्रगतिशील बताते हुए इसका स्वागत किया है। अ‎धिकारी ने कहा कि 1,500 करोड़ रुपये की लागत वाली दो नई ब्रूअरीज पर काम पहले से ही चल रहा है। इसके अलावा, 2,000 करोड़ रुपये के निवेश वाले दो बड़े एल्युमीनियम कैन उत्पादन संयंत्र पाइपलाइन में हैं। इसी तरह, 2,000 करोड़ रुपये की लागत वाली कुछ ग्लास उत्पादन इकाइयाँ भी जल्द शुरू होंगी। इसके अतिरिक्त माल्टिंग और पेपर बॉक्स निर्माण इकाइयों की योजना भी तैयार की जा रही है। बीएआई के अनुसार इन सभी निवेशों से न केवल उद्योग को बड़ा बढ़ावा मिलेगा, बल्कि राज्य में नई नौकरियों का सृजन भी होगा। यह निवेश उत्तर प्रदेश को बीयर उद्योग में एक प्रमुख केंद्र बनाने में मदद करेगा। बीएआई तीन प्रमुख कंपनियों – यूनाइटेड ब्रूअरीज लिमिटेड (यूबीएल), एबीइनबेवऔर कार्ल्सबर्ग का प्रतिनिधित्व करती है। ये कंपनियां भारत में बिकने वाली कुल बीयर का 85 प्रतिशत नियंत्रित करती हैं और देश में 55 से अधिक ब्रूअरीज संचालित करती हैं। उत्तर प्रदेश सरकार ने 2026-27 के लिए नई आबकारी नीति लागू की है। बीएआई के मुताबिक यह नीति लाइसेंसिंग और मंजूरी प्रक्रिया में अधिक पारदर्शिता लाती है और कराधान, वितरण और लाइसेंसिंग के नियम स्पष्ट करती है। सतीश मोरे/22फरवरी ---