22-Feb-2026
...


- लगा बधाईयों का तांता - वरिष्ठ पत्रकार रवि पी. सिंह की हैं पुत्री कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल में निवासरत वरिष्ठ पत्रकार रवि पी. सिंह की बेटी एंजेल सिंह का चयन सिविल जज के पद पर हुआ है। न्यायिक सेवा के क्षेत्र में स्थान प्राप्त करने वाली एंजेल सिंह कोरबा जिले के वरिष्ठ पत्रकार रवि पी. सिंह एवं शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला बालको की सेवानिवृत्त प्राचार्या श्रीमती रत्नप्रभा सिंह निवासी दुरपा रोड, कोरबा की पुत्री हैं। इस सफलता पर एंजेल सिंह व उनके परिजनों को बधाईयां मिल रही हैं। छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग ने व्यवहार न्यायाधीश (कनिष्ठ श्रेणी) परीक्षा 2024 का अंतिम चयन परिणाम जारी कर दिया। 57 पदों के लिए आयोग ने 183 उम्मीदवारों का इंटरव्यू लिया। लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के योग के आधार पर अंतिम चयन सूची में टॉप टू प्लेस पर महिलाओं ने बाजी मारी है। अंजुम आरा पहले स्थान पर हैं जबकि शिवांगी तिवारी दूसरे और आयुष चौरसिया तीसरे स्थान पर हैं। आयोग ने मुख्य सूची के साथ अनुपूरक सूची भी सार्वजनिक कर दी है, ताकि भविष्य में रिक्तियों की स्थिति में उसका उपयोग किया जा सके। बता दें कि यह भर्ती प्रक्रिया शासन के विधि एवं विधायी कार्य विभाग के तहत कुल 57 पदों पर नियुक्ति के लिए आयोजित की गई थी। चयन प्रक्रिया बहु स्तरीय थी। मुख्य परीक्षा का आयोजन 21 दिसंबर 2025 को किया गया था, जिसका परिणाम 22 जनवरी को घोषित किया गया। 183 अभ्यर्थियों के साक्षात्कार 10 से 20 फरवरी के बीच आयोजित किए गए। आयोग ने स्पष्ट किया है कि साक्षात्कार प्रक्रिया के दौरान कोई भी उम्मीदवार अनुपस्थित या अयोग्य नहीं पाया गया। 22 फरवरी / मित्तल