राष्ट्रीय
22-Feb-2026


शिकोहाबाद,(ईएमएस)। फिरोजाबाद (शिकोहाबाद) के एटा रोड स्थित एक होटल में गुरुवार रात हुई एक शादी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई है, जिसमें जर्मनी से आए दूल्हे ने जसराना के पाढ़म में रहने वाली खुशी के साथ भारतीय रीति रिवाज के मुताबिक शादी रचाई। वहीं अपने देश की वुड कटिंग की रस्म भी निभाई। दोनों ने शादी के मंच पर सांकेतिक रूप से लकड़ी पर आरी चलाई। दोनों के रिश्तेदारों के बीच भाषा को लेकर कोई समस्या न आए। इसके लिए चार ट्रांसलेटर बुलवाए गए थे। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक पाढ़म में पेंट कारोबारी प्रदीप वर्मा की बेटी खुशी जयपुर में एक जर्मन कंपनी में काम करती है। वहीं एक टूर के दौरान दो साल पहले उसकी मुलाकात जर्मनी के लोअर सैक्सोनी राज्य स्थित वोल्फ्सबर्ग शहर में रहने वाले गुस्ताव से हुई थी। पहले दोनों में दोस्ती हुई फिर उन्होंने शादी का फैसला लिया। दोनों के परिवार वाले भी इसके लिए तैयार हो गए। एक साल पहले शिकोहाबाद (फिरोजाबाद) के ही ग्रीन पार्क होटल में दोनों की सगाई हुई थी। उस समय भी विदेशी मेहमान आए थे। शादी के मौके पर दूल्हे का पूरा परिवार और कई रिश्तेदार एक सप्ताह पहले यहां आ गए थे। शादी की सभी रस्में होटल जानकी महल में हुईं। गुरुवार दोपहर एक बजे सबसे पहले लगन और फिर हल्दी का कार्यक्रम हुआ। इसके बाद शाम सात बजे दूल्हा घोड़ी पर बैठकर बरात लेकर आया। रात नौ बजे दूल्हा-दुल्हन की भव्य तरीके से शादी के मंच पर एंट्री हुई। दूल्हे ने शेरवानी पहनी और साफा बांधा। खुशी के नाम की मेहंदी भी रचाई तो खुशी भी लाल लहंगा पहने थीं। भारतीय परंपरा के अनुसार जयमाला हुई। इसके बाद जर्मनी में होने वाली जर्मन वुड कटिंग सेरेमनी की रस्म अदा की गई, जो समारोह में उपस्थित सभी भारतीयों के लिए नई और अनोखी थी। शुक्रवार सुबह पांच बजे दोनों ने सात फेरे लेकर सात जन्मों तक साथ रहने की कसम ली। इसके बाद विदाई हुई। सिराज/ईएमएस 22फरवरी26