* पेट्रोल बम और फायरिंग से घर में लगी आग, 75 वर्षीय महिला की मौत; 8 आरोपियों पर हत्या का मामला दर्ज गिर सोमनाथ (ईएमएस)| गुजरात के गिर-सोमनाथ जिले के तलाला तालुका स्थित जावंत्री गांव में 54 बीघा पुश्तैनी कृषि भूमि को लेकर चल रहा पुराना विवाद शुक्रवार को हिंसक और खूनी संघर्ष में बदल गया। अदालत के हालिया फैसले के बाद भड़के विरोधी पक्ष ने पेट्रोल बम और देशी बंदूक से हमला कर दिया, जिसमें 75 वर्षीय महिला की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार जमीन के मालिकाना हक को लेकर दो परिवारों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। हाल ही में अदालत ने एक परिवार के पक्ष में फैसला सुनाया था। 19 फरवरी को कोर्ट कमिश्नर ने पुलिस बंदोबस्त के बीच संबंधित परिवार को जमीन का कब्जा सौंपा। इसी बात से नाराज होकर विरोधी पक्ष ने शुक्रवार रात करीब 10 से 11 बजे के बीच हमला बोल दिया। आरोप है कि हमलावर देशी निर्मित ‘जामगरी’ बंदूक और पेट्रोल से भरी बोतलें लेकर पहुंचे। उन्होंने हुसैनाबेन अब्दुल भाई बाजरानी के घर पर चार राउंड फायरिंग की और पेट्रोल बम फेंककर घर में आग लगा दी। उस समय घर के अंदर पांच सदस्य सो रहे थे। आग की चपेट में आने से कुल चार लोग झुलस गए। घायलों को तुरंत वेरावल सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां गंभीर रूप से झुलसी 75 वर्षीय हुसैनाबेन अब्दुल भाई बाजरानी की जूनागढ़ में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद मामला हत्या में बदल गया है। सूचना मिलते ही तलाला पुलिस स्टेशन की टीम मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घर पर जानलेवा हमला करने के आरोप में महमदहुसैन कासम मोरी, रफीक कासम मोरी, अकर्म कासम मोरी समेत कुल 8 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। घटना के बाद गांव में भय और तनाव का माहौल है। किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए गांव में कड़ी पुलिस सुरक्षा तैनात की गई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। सतीश/22 फरवरी