राज्य
22-Feb-2026
...


पुलिस ने हत्या में इस्तेमाल खून से सना पत्थर, जैकेट व लूटे 20 हजार किये बरामद हरिद्वार (ईएमएस)। मंगलौर पुलिस ने प्रदीप की हत्या का खुलासा करते हुए हत्यारोपी को गिरफ्तार कर लिया। हत्यारोपी ने पैसों के लालच में प्रदीप के सिर पर पत्थर से वार कर हत्या को अंजाम देना स्वीकार किया है। पुलिस ने हत्यारोपी से मृतक से लूटी गई 20 हजार की नगदी और उसकी निशानदेही से हत्या में इस्तेमाल खून से सना पत्थर व हत्यारोपी के खून से सने जैकेट बरामद की है। इस हत्या का खुलासा एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने रविवार को कोतवाली रूडकी परिसर में पत्रकार वार्ता के दौरान किया। उन्होंने बताया कि मंगलौर पुलिस ने सूचना पर 17 फरवरी को क्षेत्र में नहर पटरी पर पुराने पीर के पास से एक अज्ञात व्यक्ति का शव और लावारिस हालत में बाइक बरामद की थी। जिसके सिर पर गहरे घाव व पत्थर से कुचले जाने के चोट के निशान थे। जिसकी पहचान घोसीपुरा मंगलौर निवासी प्रदीप के रुप मे हुई थी। हत्या के सम्बंधा में मृतक के चचेरे भाई की ओर से कोतवाली मंगलौर में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था। उन्होंने बताया कि घटना का खुलासा कर हत्यारोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित की गई। टीम में सीआईयू रूडकी को भी शामिल किया गया। पुलिस टीम ने घटना स्थल के आसपास लोगों से जानकारी जुटाने के साथ-साथ आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगला गया। जिसमें पुलिस टीम को अहम सुराग हाथ लगे। जिसके आधाार पर पुलिस टीम कडी दर कडी जोडती चली गई और एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। एसएसपी ने बताया कि शुरूआत में संदिग्धा ने घटना से अपने को अंजान बताने का नाटक किया। लेकिन पुलिस की सख्ती के बाद संदिग्ध ने प्रदीप की हत्या को अंजाम देना स्वीकार किया। हत्यारोपी ने अपना नाम विनायक त्यागी पुत्र विजेन्द्र त्यागी निवासी बरला थाना छपार जिला मुजफ्फरनगर हाल पता ग्राम सराय ज्वालापुर, कोतवाली ज्वालापुर जिला हरिद्वार बताते हुए खुलासा किया कि 17 फरवरी को अपने घर मुजफ्फ नगर जाने के लिए रुड़की में बस का इंतजार करने लगा। इसी दौरान जब उसका शराब पीने का मन हुआ तो वह बस अड्डे के पास ही देशी शराब के ठेके पर चला गया। उन्होंने बताया कि इस दौरान मृतक भी शराब लेने के लिए ठेके पर पहुंचा, लेकिन ठेका बंद होने व कोई जवाब न मिलने की वजह से मौके पर हुई दोनों के बीच जान पहचान के बाद दोनों मृतक की मोटर साइकिल से रामपुर चुंगी शराब के ठेके पर पहुंचे और शराब खरीदी। इसके बाद दोनों नहर पटरी से मंगलौर की तरफ पीर के पास बाग में गई और शराब पीने लगे। श्री भुल्लर ने बताया कि बातचीत के दौरान जब हत्यारोपी को पता चला कि मृतक प्रदीप के पास पैसे ज्यादा हैं तो पैसे की तंगी और लालच मे आकर उसने नशे में धुत प्रदीप को पहले गला दबाकर नीचे गिराया और फि़र पास मे रखे पत्थर से सिर पर वार कर प्रदीप की हत्या कर दी। आरोपी इसके बाद मृतक की जेब से मिले 20 हजार रुपये लेकर फरार हो गया। पुलिस ने हत्यारोपी के खिलाफ सम्बंधित धाराओं में मामला दर्ज करते हुए मेडिकल के बाद न्यायालय मे पेश कर जेल भेज दिया। (फोटो-14) शैलेन्द्र नेगी/ईएमएस/22 फरवरी 2026