:: भंवरकुआ पुलिस की बड़ी कार्रवाई; सागर का रहने वाला है आरोपी भरत, नशे के नेटवर्क की तलाश शुरू :: इंदौर (ईएमएस)। मध्य प्रदेश की आर्थिक राजधानी इंदौर में नशे के विरुद्ध जारी क्लीन सिटी-ड्रग फ्री सिटी अभियान के तहत भंवरकुआ पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नियमित चेकिंग के दौरान एक तस्कर को घेराबंदी कर गिरफ्तार किया, जिसके कब्जे से लगभग 2 किलो अवैध गांजा और तस्करी में प्रयुक्त स्कूटी जब्त की गई है। भंवरकुआ थाना क्षेत्र में पुलिस टीम द्वारा सघन वाहन चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान एक स्कूटी सवार युवक पुलिस बल को सामने देखकर सकपका गया और गाड़ी मोड़कर तेजी से भागने का प्रयास करने लगा। युवक की संदिग्ध गतिविधियों को देख पुलिस ने तत्काल सक्रियता दिखाई और पीछा कर उसे दबोच लिया। जब युवक की तलाशी ली गई, तो उसके पास रखे बैग से करीब 2 किलो गांजा बरामद हुआ। :: सागर से जुड़ा है तस्करी का कनेक्शन :: पकड़े गए आरोपी ने अपनी पहचान भरत वर्मा, निवासी सागर के रूप में बताई है। एडिशनल डीसीपी राजेश दंडोतिया के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में यह बात सामने आई है कि आरोपी मादक पदार्थ की यह खेप सागर क्षेत्र से लेकर आया था। पुलिस अब इस बिंदु पर गहन जांच कर रही है कि इंदौर में वह यह माल किन छोटे पेडलर्स को सप्लाई करने वाला था। :: एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज :: पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उसे जेल भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी के मोबाइल कॉल रिकॉर्ड्स और अन्य संपर्कों को खंगाला जा रहा है ताकि शहर में सक्रिय नशे के पूरे नेटवर्क को ध्वस्त किया जा सके। इंदौर पुलिस का यह अभियान आने वाले दिनों में और अधिक सख्ती के साथ जारी रहेगा। प्रकाश/22 फरवरी 2026