क्षेत्रीय
23-Feb-2026
...


- 214 चालकों के खिलाफ कार्यवाही कर वसूला 21 लाख 40 हजार अर्थदंड कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिले में सड़क हादसे पर अंकुश लगाने यातायात पुलिस अभियान चला रही है। अभियान के तहत यातायात पुलिस का ध्यान मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर है, ताकि चालक के साथ-साथ दूसरों को भी सुरक्षित रखा जा सके। इसी कड़ी में लगभग डेढ़ माह के भीतर की गई कार्यवाही अंतर्गत यातायात पुलिस ने मादक द्रव्य पदार्थ का सेवन कर नशे के हालत में वाहन चलाने वाले 214 लोगों के खिलाफ कार्यवाही की है। उनसे बतौर समन शुल्क 21 लाख 40 हजार रूपए वसूले गए हैं। जिले में सड़क हादसे का ग्राफ लगातार बढ़ता जा रहा है। जिसे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों ने गंभीरता से लिया है। अधीकारियों के निर्देश पर ब्लेक स्पॉट को चिन्हांकित कर सुधार किए जा रहे हैं। इसके अलावा हादसे की रोकथाम के लिए जरूरी उपाय भी किए जा रहे हैं। कोरबा जिला पुलिस अधीक्षक ने हादसों की रोकथाम को लेकर नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ कार्यवाही के निर्देश भी जारी कर दिए हैं। उनके निर्देश एएसपी लखन पटले व नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में थाना चौकियों के अलावा यातायात पुलिस विशेष वाहन जांच अभियान चला रही है। यातायात पुलिस ने साल के पहले दिन यानि 1 जनवरी से अभियान की शुरूआत की थी, जो अब तक जारी है। यदि 1 जनवरी से 15 फरवरी तक की गई कार्रवाई की बात करें तो यातायात पुलिस ने अलग-अलग क्षेत्र में अभियान के तहत 214 वाहन चालकों को नशे की हालत में गाड़ी चलाते पकड़ने में सफलता पाई। इन प्रकरणों में एमव्ही एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए 21 लाख 40 हजार रूपए अर्थदंड वसूले गए हैं। बताया जा रहा है कि पुलिस की यह अभियान आने वाले दिनों में भी जारी रहेगी। 23 फरवरी / मित्तल