क्षेत्रीय
23-Feb-2026
...


कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल के अशोक वाटिका स्टेडियम रोड पर रविवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे खड़ी एक गाड़ी में लदे कोयले में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते गाड़ी से धुएं का गुबार उठने लगा और आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। जानकारी के अनुसार उक्त गाड़ी कई घंटों से स्टेडियम रोड के किनारे खड़ी थी। शुरुआत में किसी ने विशेष ध्यान नहीं दिया, लेकिन अचानक कोयले के ढेर से धुआं उठता दिखाई दिया। देखते ही देखते धुआं घना होता गया और कुछ ही मिनटों में आग की लपटें उठने लगीं। आग भड़कने से वहां मौजूद राहगीरों और दुकानदारों में अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा हैं कि यदि समय रहते आग पर काबू नहीं पाया जाता तो पास से गुजर रहे वाहनों और आसपास की दुकानों को भारी नुकसान हो सकता था। क्षेत्र में यातायात भी कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। लोगों ने आशंका जताई कि कोयले में भीतर ही भीतर सुलगन होने के कारण आग भड़की हो सकती है, हालांकि अधिकृत तौर पर आग लगने के कारणों की पुष्टि नहीं हुई है। घटना घटित होने पश्चात मौके पर प्रशासन या संबंधित विभाग का कोई अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे स्थानीय नागरिकों में नाराजगी देखी गई। लोगों ने सवाल उठाया कि सड़क किनारे कई घंटों से खड़ी कोयले से लदी गाड़ी की निगरानी क्यों नहीं की गई और क्या यह लापरवाही किसी बड़े हादसे को न्योता दे रही थी। फिलहाल आग पर काबू पाया गया अब स्थिति सामान्य बताई जा रही है। प्रशासन की ओर से मामले की जांच की बात कही जा रही है। घटना ने एक बार फिर सार्वजनिक स्थानों पर खड़े भारी वाहनों की निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। 23 फरवरी / मित्तल