भोपाल,(ईएमएस)। मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र में आज 6वें दिन कांग्रेस विधायकों ने जमकर हंगामा किया। कांग्रेस ने सवाल किया था कि नई लाड़ली बहनों के नाम जोड़ने के लिए पंजीयन की प्रक्रिया कब से शुरु होगी। इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने अपने जवाब में बहनों की प्रति बचन बध्दता और उन्हे दिए जा रहे लाभों की जानकारी दी। इससे कांग्रेस के कई विधायक नाराज हो गए और उन्होंने कहा हमारे सवालों का सही जवाब नहीं दिया जा रहा है और सरकार लगातार गुमराह कर रही है ऐसे में हम विरोध स्वरुप सदन से वॉकआउट करते हैं। इसके बाद कांग्रेस के सभी विधायक बाहर चले गए और काफी देर तक नारेबाजी करते रहे। दरअसल सोमवार को प्रश्नकाल के दौरान कांग्रेस विधायक महेश परमार ने लाड़ली बहनों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा था कि लाड़ली बहनों को तीन हजार रुपए प्रति माह देंगे। इस तरह के हजारों वीडियो आज भी वायरल हो रहे है। पैसे बढ़ाना तो दूर की बात है उल्टे उनके नाम काटे जा रहे हैं और योजना के लाभ से वंचित किया जा रहा है। इस पर महिला एवं बाल विकास मंत्री निर्मला भूरिया ने कहा कि लाड़ली बहनों की राशि को 3000 रुपये करने को लेकर सरकार लगातार काम कर रही है। इस राशि में सरकार की ओर से बढ़ोतरी की जा रही है। सरकार इसको लेकर सजग है और लाड़ली बहनों को सशक्त बनाने के लिए प्रतिबद्ध है। 60 साल की उम्र में नाम कटने के संबंध में उन्होंने कहा कि ऐसी महिलाओं को वृद्धा पेंशन दी जा रही है।विधायक ने कहा कि यह बहनों के साथ धोखा है। सरकार बनाने के लिए घोषणा की गई थी। वहीं नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कहा कि सदस्य यह पूछ रहे हैं कि पात्र महिलाओं के नाम कब जोड़े जाएंगे। एक साल में, दो साल में यह स्पष्ट किया जाए। मंत्री ने जवाब देते हुए कहा कि योजना में पात्र महिलाओं के नाम कब जोड़े जाएंगे, यह बताना संभव नहीं है। सरकार महिलाओं को किस प्रकार आत्मनिर्भर बनाया जाए, इस दिशा में काम कर रही है। सब कुछ समय के साथ होगा। सीएम ने कहा हमें चिंता है हम ही बहनों को तीन हजार देंगे विपक्ष का हंगामा और नारेबाजी के बीच मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मोर्चा संभालते हुए कहा कि मंत्री ने अपना जवाब सटीक दिया है। सीएम ने कहा कि यही नेता प्रतिपक्ष पहले कह रहे थे कि राशि कैसे दी जाएगी, योजना बंद हो जाएगी। हमारी सरकार लगातार राशि दे रही है। हमने कहा है कि पांच साल में 3000 रुपये देंगे और हमारी सरकार यह वादा पूरा करेगी। उमंग सिंघार ने पोर्टल पर नए पंजीयन को लेकर सवाल उठाया कि नए लोगों का पंजीयन कब होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि धीरे-धीरे सब होगा, आप चिंता न करें। इस पर उन्होंने दो पंक्तियां भी कहीं- धीरे-धीरे रे मना, धीरे सब कुछ होय, माली सींचे सौ घड़ा, ऋतु आए फल होय। वीरेंद्र/ईएमएस/23फरवरी2026