नई दिल्ली (ईएमएस)। कांप्लेक्स में कई दुकानें बंद थी और अंदर आग लगी हुई थी। जिससे स्थानीय लोगों में दहशत देखने को मिली। धुएं की वजह से आखों में जलन होने लगी। इससे परेशान होकर आसपास के बहुत से लोग अपने घरों को बंद करके अपने रिश्तेदारों के यहां चले गए। दिल्ली के सीलमपुर इलाके में कपड़े की कई दुकानों में रविवार को भीषण आग लग गई। अधिकारी ने बताया कि इस घटना में किसी के हताहत होने की अभी तक कोई सूचना नहीं है। उन्होंने बताया कि हमें शाम को सीलमपुर के शांति मोहल्ला इलाके में कपड़े की एक दुकान में आग लगने की सूचना मिली। शुरुआत में हमने दमकल की चार गाड़ियां भेजीं लेकिन आग अन्य दुकानों में भी फैल गई। अब तक, हमने आग बुझाने के लिए 30 से अधिक दमकल गाड़ियां भेजी। दुकानदार एजाज अहमद अंसारी ने बताया कि आग उनकी कपड़े की दुकान से शुरू हुई और धीरे-धीरे कई अन्य दुकानों में भी फैल गई। पुलिस ने इलाके की घेराबंदी की है और मामले की जांच शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक करीब साढ़े चार घंटे में आग पर काबू पाया गया। पुलिस ने बताया कि रविवार शाम चार बजे सूचना मिली थी कि पुराना सीलमपुर में एक कपड़े की दुकान में आग लगी है। सूचना मिलते ही दमकल व पुलिस की टीमें मौके पर पहुंची। पता चला कि चार सौ गज में बने चार मंजिला शापिंग कांप्लेक्स में भू-तल पर कपड़े की 15 दुकानें बनी हुई हैं। एक दुकान में एक स्कूटी चार्जिंग पर लगी हुई थी।