राष्ट्रीय
23-Feb-2026
...


-ढोक में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना पर सुरक्षा बलों ने घेरकर बरसाई गोलियां किश्तवाड़,(ईएमएस)। किश्तवाड़ जिला के छात्रू-पासरकूट में सुरक्षा बलों के साथ हुई मुठभेड़ में क्षेत्र में सक्रिय जेश ए मोहम्मद संगठन के साथ जुड़े तीन आतंकी मारे गए, जिसके साथ ही क्षेत्र में चलाए गए अभियान त्राशि-1 में अभी तक चार आतंकी मारे गए हैं। जानकारी केक मुताबिक छात्रू में चले लंबे अभियान में रविवार सुबह पासरकूट के वानी पुरा के करीब एक ढोक में आतंकियों की मौजूदगी की सूचना के आधार पर इलाके को सुरक्षा बलों ने घेर लिया और दोनों तरफ से गोलियां चलना शुरू हो गई, जिसमें 2-पैरा, आरआर, सीआरपीएफ और जम्मू कश्मीर पुलिस की एसओजी का दल शामिल था। इसी बीच सुरक्षा बलों ने ढोक को उड़ा दिया और ढोक की तलाशी दौरान सुरक्षा बलों ने पहले जले हुए दो शव और दो एके-47 बंदूकें बरामद की और शाम को सेना ने मलबे के नीचे से एक और आतंकी का शव और बंदूक बरामद की, जिसके साथ ही मारे जाने वाले आतंकियों की संख्या तीन हो गई है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक बताया जा रहा है कि अभी भी वहां पर तलाशी अभियान जारी है। इस मुठभेड़ में सेना का एक स्नाइफेर डॉग भी घायल हुआ है जिसका उपचार किया जा रहा है। गुप्त सूचनाओं के आधार पर जनवरी में ओपरेशन त्राशि-1 तहत सुरक्षा बलों ने छात्रू के एक बड़े इलाके की घेराबंदी कर आतंकियों की तलाश शुरू कर दी थी। परिणाम स्वरूप 17 जनवरी को सुन नाड, 22 जनवरी को आर्य गाम, 25 जनवरी को जानसिर और 31 जनवरी को दोलगांव में आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई थी लेकिन आतंकी भागने में सफल रहे। इस दौरान सेना को नुकसान भी उठाना पड़ा था लेकिन सुरक्षा बल आतंकियों के पीछे लगे हुए हैं 4 फरवरी की शाम को एक बार फिर से डीछाड दोलगांव में आतंकियों के साथ मुठभेड़ हुई जिसमें एक आतंकी मारा गया जबकि अन्य की तलाश जारी थी और रविवार मिली गुप्त सूचना के आधार पर हुई मुठभेड़ में तीन और आतंकी मारे गए जिनकी पहचान की जा रही है। हालांकि बताया जा रहा है कि इनमें एक मोस्टवांटेड जैश कमांडर सैफ उल्ला भी है लेकिन इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है। सिराज/ईएमएस 23फरवरी26 -----------------------------------