नई दिल्ली,(ईएमएस)। भारत के प्रधान न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान नाराज हो गए। बताया जा रहा हैं कि सीजेआई की नाराजगी की वजह वकील की ओर से पेश की गई दलील थी, जिसमें उन्होंने अदालत पर सुनवाई नहीं करने के आरोप लगाए थे। नौबत यहां तक आ गई कि सीजेआई ने वकील को दो टूक कहा कि वह अदालत में पेश होने और सामग्री पेश करने के दौरान सावधान रहें। दरअसल वाकया सोमवार का है। सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई का दौर चल रहा था। तभी एडवोकेट मैथ्यूज नेदुम्पारा की बात पर सीजेआई ने आपत्ति जाहिर की थी। रिपोर्ट के अनुसार, एडवोकेट नेदुम्पारा ने कहा अडानी और अंबानी के लिए बेंच बन रहीं हैं, लेकिन एनजेएएसी की चुनौती पर सुनवाई नहीं हो रही है। इतना कहते ही सीजेआई ने उन्हें जमकर फटकार लगाकर चेतावनी भी दे दी। सीजेआई ने कहा, मिस्टर नेदुम्पारा, आप जो भी मेरी कोर्ट में पेश कर रहे हैं, उस लेकर जरा सावधान रहें। आपने मुझे चंडीगढ़ में देखा है, दिल्ली में देखा है...। मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं, सावधान रहें। ऐसा बिल्कुल भी मत सोचिएगा कि आप जिस तरह की बदतमीजी कर रहे हैं, वैसा ही करते रहने वाले है। मैं आपको चेतावनी दे रहा हूं। बीते गुरुवार को सीजेआई एक जनहित याचिका देखकर भी नाराज हुए थे। उन्होंने कहा था, अगर भारत के शीर्ष न्यायालय के सामने याचिकाओं का ऐसा स्तर है, तब भगवान याचिका के कानून को बचाए। साथ ही उन्होंने इसपर सुनवाई करने से इंकार किया था। इससे पहले वह वकीलों की तरफ से एआई यानी आर्टिफिशिलय इंटेलिजेंस की मदद से याचिकाएं लिखने पर भी नाराज हो गए थे। आशीष दुबे / 23 फरवरी 2026