नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने हाल ही में जिम ट्रेनर दीपक कुमार से मुलाकात की। दीपक उस समय चर्चा में आए थे जब उन्होंने कोटद्वार में एक मुस्लिम बुजुर्ग दुकानदार- एडवोकेट अहमद के ‘बाबा स्कूल ड्रेस एंड मैचिंग सेंटर’ का बचाव उग्र भीड़ से किया था। सोशल मीडिया पर उन्हें “मोहम्मद दीपक” के नाम से भी पहचाना जाने लगा। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात दिल्ली में हुई। दीपक कुमार ने स्पष्ट किया कि उनका राजनीति से कोई संबंध नहीं है और वे किसी राजनीतिक दल से जुड़े नहीं हैं। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी के साथ-साथ उनकी मुलाकात सोनिया गांधी से भी हुई। सोनिया गांधी ने उनके साहस की सराहना करते हुए कहा कि समाज को ऐसे युवाओं की आवश्यकता है जो एकता और सद्भाव का संदेश दें। राहुल गांधी ने इस मुलाकात की तस्वीरें अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर साझा कीं। उन्होंने लिखा, हर इंसान, एक समान, यही भारतीयता, यही मोहब्बत की दुकान। उत्तराखंड के भाई ‘मोहम्मद दीपक’ से मुलाकात एकता और साहस की ऐसी ही लौ हर भारतीय युवा में जलनी चाहिए। साझा तस्वीरों में राहुल गांधी और दीपक कुमार बातचीत करते, गले मिलते और हाथ मिलाते नजर आए। इस दौरान कोटद्वार के विजय रावत और एक अन्य युवक भी उनके साथ मौजूद थे। यहां मोहम्मद दीपक कुमार ने कहा कि उन्होंने जो किया, वह मानवीय आधार पर किया और इसे किसी राजनीतिक चश्मे से नहीं देखा जाना चाहिए। उन्होंने दोहराया कि उनका उद्देश्य केवल सद्भाव और भाईचारे का संदेश देना था। यह मुलाकात ऐसे समय में हुई है जब सामाजिक सौहार्द और आपसी विश्वास के मुद्दे पर राजनीतिक बहस तेज है। राहुल गांधी ने अपने संदेश में एकता और समानता पर जोर देते हुए युवाओं से सकारात्मक भूमिका निभाने की अपील की है। हिदायत/ईएमएस 23फरवरी26