क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


गुना (ईएमएस)। शहर के मैरिज गार्डन संचालकों की मनमानी और टैक्स चोरी पर नगर पालिका सख्त रुख अपनाने जा रही है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी मंजूषा खत्री ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि शासन की गाइडलाइन का उल्लंघन करने वाले और बकाया टैक्स जमा न करने वाले गार्डनों को जल्द ही सील किया जाएगा। विगत दिनों नपा द्वारा की गई जांच में पाया गया था कि अधिकांश संचालकों ने न तो अपना पंजीयन कराया है और न ही पार्किंग व अग्निशमन मानकों का पालन कर रहे हैं। सुश्री मंजूषा खत्री के अनुसार, सभी संचालकों को दो-दो नोटिस जारी किए जा चुके हैं। इसके बावजूद कई संचालकों ने टैक्स जमा करने में रुचि नहीं दिखाई है, जिससे शासन को आर्थिक हानि हो रही है। सीएमओ ने अब संचालकों को एक अंतिम अवसर दिया है; यदि इस समय सीमा में टैक्स और पंजीयन की प्रक्रिया पूरी नहीं की गई, तो नपा द्वारा सीधे तालाबंदी की कार्रवाई शुरू कर दी जाएगी। - सीताराम नाटानी