राष्ट्रीय
24-Feb-2026
...


-पुलिस का दावा- विरोध प्रदर्शन की साजिश रचने में वह शामिल था, पूर्व सीएम ने जताई आपत्ति नई दिल्ली,(ईएमएस)। दिल्ली के भारत मंडपम में बीते दिनों आयोजित इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट के दौरान हुए विरोध प्रदर्शन के मामले में इंडियन यूथ कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया है। दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक जांच में उदय भानु चिब की भूमिका सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई। पुलिस का दावा है कि विरोध प्रदर्शन की साजिश रचने में वह शामिल था। मीडिया रिपोर्ट में पुलिस सूत्रों के हवाले से बताया गया है कि गिरफ्तारी के बाद उदय भानु चिब को हिरासत में रखा गया है। पुलिस इस मामले में आगे की पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर कानूनी प्रक्रिया को आगे बढ़ाएगी। उदय भानु की गिरफ्तारी पर छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने कड़ी आपत्ति जताई है। उन्होंने एक्स पर लिखा कि दिल्ली पुलिस द्वारा आईवॉयसी के राष्ट्रीय अध्यक्ष भाई उदय भानु चिब एवं अन्य युवा साथियों की ग़ैरकानूनी गिरफ्तारी की कड़ी निंदा करता हूं। “ताना-शाह” सरकार यह भूल रही है कि लोकतंत्र में युवाओं का आवाज उठाना, सवाल पूछना और विरोध करना अपराध नहीं, बल्कि लोकतंत्र का सबसे मजबूत हथियार है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमारे युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बिना किसी हिंसा या उकसावे के, सिर्फ शांतिपूर्ण तरीके से पीएम मोदी के समझौतों और युवाओं की अनसुनी पीड़ा को सामने लाया। यह एक साहसी, जायज और लोकतांत्रिक कदम था, जिसे दबाने के लिए अब सरकार पुलिसिया दमन का सहारा ले रही है। यह कार्रवाई न केवल गैरकानूनी है, बल्कि अभिव्यक्ति की आजादी और लोकतंत्र पर सीधा हमला है। बघेल ने कहा कि हम मांग करते हैं कि उदय भानु चिब सहित सभी गिरफ्तार आईवॉयसी कार्यकर्ताओं को तुरंत रिहा किया जाए और उन पर लगाए गए सभी झूठे आरोप वापस लिए जाएं और इस तरह की दमनकारी कार्रवाईयों को तत्काल रोका जाए। उन्होंने कहा कि हम लड़ेंगे-जीतेंगे।’ सिराज/ईएमएस 24फरवरी25