क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


फिरोजाबाद(ईएमएस) आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर मंगलवार तड़के बड़ा सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बहराइच जा रही प्राइवेट ट्रैवल्स की स्लीपर बस आगे चल रहे अज्ञात ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस चालक समेत आधा दर्जन यात्री घायल हो गए। घायलों को सैफई पीजीआई और शिकोहाबाद संयुक्त जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। घटना 24 फरवरी 2026 को रात करीब 1:25 बजे एक्सप्रेसवे के किलोमीटर संख्या 58+800 (एलएचएस) पर हुई। जानकारी के अनुसार बस संख्या BR 02 PC 9051 में कुल 42 यात्री सवार थे। बस चालक शकील पुत्र मकरुद्दीन निवासी हाता रेवलिया थाना केसरगंज, जिला बहराइच बस चला रहा था। बताया जा रहा है कि ओवरस्पीड के चलते बस ने आगे चल रहे अज्ञात ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक शकील के अलावा ताकिर पुत्र मदी अहमद निवासी साहिबाबाद थाना रानीपुर, नीरज मौर्य पुत्र रवीश मौर्य निवासी रवेपुरा थाना जारवल रोड और हैदर अली पुत्र अलीदीन निवासी मनेटी थाना केसरगंज जिला बहराइच घायल हो गए। सभी को प्राथमिक उपचार के लिए 108 एंबुलेंस और एसएसडी एंबुलेंस के जरिए मेडिकल कॉलेज सैफई भेजा गया। कुछ घायलों को शिकोहाबाद अस्पताल में भी भर्ती कराया गया है। सूचना मिलते ही यूपीड़ा की गश्ती टीम, एटलस सेफ्टी टीम, हाइड्रा, डायल-112, थाना नसीरपुर पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। राहत और बचाव कार्य चलाया गया। बस को पीली पट्टी पर खड़ा कर यातायात सुचारु करा दिया गया, जिससे एक्सप्रेसवे पर आवागमन सामान्य बना रहा। बताया जा रहा है कि जिस अज्ञात ट्रक से बस टकराई, वह चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। ईएमएस