- पुलिस ने पीड़ित को वापस दिलाई पूरी रकम राजगढ़(ईएमएस)l जिले के नरसिंहगढ़ में एक किसान के साथ नई कृषि भूमि दिलाने के नाम पर 39 लाख रुपये की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सोमवार को पुलिस ने इस मामले का खुलासा करते हुए त्वरित दबिश देकर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और किसान से ठगी गई 39 लाख रुपये की पूरी रकम बरामद कर उसे वापस दिला दी है। वर्तमान में पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ की है और उनके पुराने आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने की कार्रवाई की जा रही है। ग्राम शिवपुरा (थाना कुरावर) निवासी किसान जगदीश गुर्जर की कृषि भूमि एक बांध निर्माण के कारण डूब क्षेत्र में चली गई थी। शासन से प्राप्त मुआवजा राशि से वह नई कृषि भूमि खरीदना चाहते थे। इसी दौरान आरोपियों ने उन्हें 72 लाख रुपये में जमीन बेचने का प्रस्ताव दिया और धोखाधड़ी की साजिश रची। सौदे के तहत आरोपियों ने किसान से 25 लाख रुपये आरटीजीएस (RTGS) के माध्यम से और 14 लाख रुपये नकद लेकर कुल 39 लाख रुपये हड़प लिए। - बिक चुकी थी जमीन, मामला कोर्ट में था विचाराधीन पैसे देने के बाद किसान जगदीश गुर्जर को पता चला कि जिस भूमि का सौदा उनके साथ किया गया था, वह पहले ही किसी अन्य व्यक्ति को बेची जा चुकी थी और उस जमीन का मामला न्यायालय में विचाराधीन था। स्वयं को ठगा महसूस करने पर किसान ने 24 नवंबर 2025 को थाना नरसिंहगढ़ में इसकी शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर अपराध क्रमांक 643/25 और भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) तथा 316(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया l प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक के.एल. बंजारे और एसडीओपी नेहा गौर के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी निरीक्षक शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। टीम ने बैंक खातों की बारीकी से जांच, ट्रांजेक्शन की ट्रैकिंग और तकनीकी साक्ष्यों के विश्लेषण के आधार पर आरोपियों की लोकेशन और गतिविधियों पर निगरानी रखी। इसके बाद त्वरित दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया। न्यायालय से पुलिस रिमांड प्राप्त कर आरोपियों से पूछताछ की गई। इसमें आरोपी धर्मेंद्र सिंह चौहान से 36 लाख 50 हजार रुपये तथा अजब सिंह राजपूत से 2 लाख 50 हजार रुपये बरामद किए गए। ............................ ऑपरेशन किसान रक्षक के तहत कार्रवाई, मुख्य आरोपी आदतन अपराधी सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में आयोजित एक प्रेस वार्ता में पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने इस पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि यह कार्रवाई विशेष अभियान ऑपरेशन किसान रक्षक के तहत की गई है, जिसका मुख्य उद्देश्य किसानों के साथ होने वाले आर्थिक अपराधों पर प्रभावी अंकुश लगाना है। जांच में यह भी सामने आया है कि मुख्य आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी कई आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं, जिससे उसकी आपराधिक प्रवृत्ति उजागर हुई है। पुलिस का कहना है कि ऐसे तत्वों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।-निखिल/राजगढ़/24/2/2026