- गेंदबाज़ों और बल्लेबाज़ों का शानदार सामूहिक प्रदर्शन बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित मेंस सीनियर एलीट ग्रुप इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट प्रतियोगिता 2026-27 में बिलासपुर ब्लू ने अपने पहले मैच में शानदार प्रदर्शन करते हुए सरगुजा को 10 विकेट से हराकर जीत दर्ज की। मुकाबला रायपुर के आरडीसीए मैदान में खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाज़ी करते हुए सरगुजा की टीम 29.5 ओवर में 93 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। आयुष सिंह ने 21 और रोहित यादव ने 18 रन बनाए। बिलासपुर ब्लू की ओर से स्नेहल ने 4 विकेट, जबकि अंकित कुमार, धनंजय नायक और आर्यन जायसवाल ने 2-2 विकेट लिए। जवाब में बिलासपुर ब्लू ने पहली पारी में 60.1 ओवर में 310 रन बनाए और 217 रन की बढ़त हासिल की। अनुराग मिश्रा ने शानदार बल्लेबाज़ी करते हुए 111 गेंद में 15 चौके और 2 छक्कों की मदद से 111 रन बनाए, जबकि पवन परनाते ने 97 गेंद में 87 रन का योगदान दिया। सरगुजा की ओर से आराध्या गुप्ता ने 6 विकेट और अविनाश कुमार ठाकुर ने 2 विकेट लिए। धनंजय व रवि ने लिए 3-3 विकेट दूसरी पारी में सरगुजा 70.3 ओवर में 226 रन पर सिमट गई। कृष चोपड़ा ने 58, हर्ष दुबे ने 57 और कप्तान आशुतोष सिंह ने 51 रन बनाए। बिलासपुर ब्लू की ओर से धनंजय नायक और रवि रोशन सिंह ने 3-3 विकेट, जबकि अंकित कुमार ने 2 विकेट लिए। सिर्फ 10 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए बिलासपुर ब्लू ने 1.3 ओवर में बिना विकेट खोए जीत हासिल कर ली। मैच के निर्णायक नितीन कटवार और आशुतोष जाधव रहे, जबकि स्कोरर महेंद्र सिंह और ऑब्ज़र्वर शेख अनवर थे। बिलासपुर ब्लू अब 26 फरवरी को कांकेर मैदान में भिलाई के खिलाफ अपना अगला मैच खेलेगी। मनोज राज 24 फरवरी 2026