- प्रदर्शन पर तत्काल रोक लगाने की मांग ब्यावरा(ईएमएस)l सोमवार को नगर में यादव समाज ने यादव जी की लव स्टोरी फिल्म के विरोध में प्रदर्शन किया। समाज ने फिल्म के टाइटल को आपत्तिजनक बताते हुए इसे तत्काल बदलने और फिल्म के प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की। यह प्रदर्शन शहर के पीपल चौराहे पर किया गया, जहां बड़ी संख्या में यादव समाज के युवा, वरिष्ठजन और पदाधिकारी शामिल हुए। प्रदर्शनकारियों ने नारेबाजी करते हुए आरोप लगाया कि फिल्म में यादव समाज की छवि को गलत तरीके से दर्शाया गया है, जिससे उनकी भावनाएं आहत हुई हैं। समाजजनों ने इस फिल्म को सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वाला बताया। उन्होंने प्रशासन से इस मामले में तत्काल कार्रवाई करने की मांग की। प्रदर्शन के बाद, समाज के एक प्रतिनिधिमंडल ने नायब तहसीलदार विनय कुमार रजक को राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में स्पष्ट रूप से यादव जी की लव स्टोरी फिल्म का टाइटल बदलने और इसके प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की गई, ताकि समाज में शांति और सौहार्द बना रहे। समाज के प्रतिनिधियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई, तो यादव समाज उग्र आंदोलन करेगा। इस पर प्रशासन ने समाजजनों को उनकी मांग शासन स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।धरना-प्रदर्शन के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहा। -निखिल/राजगढ़/24/2/2026