क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


- यादव महासभा ने खोला मोर्चा, बोले- समाज की छवि से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं! यादव महासभा ने कलेक्टोरेट में प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन गुना (ईएमएस)। फिल्म यादव जी की लव स्टोरी को लेकर यादव समाज में रोष व्याप्त है। मंगलवार को अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा जिला गुना के नेतृत्व में बड़ी संख्या में यादव समाज के लोग कलेक्ट्रेट पहुंचे और जिला प्रशासन को मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। समाज के लोगों का आरोप है कि उक्त फिल्म के माध्यम से यादव समाज की भावनाओं को ठेस पहुंचाने और समाज की छवि को धूमिल करने का प्रयास किया जा रहा है। ज्ञापन में बताया गया कि सोशल मीडिया के माध्यम से जानकारी सामने आई है कि प्रगति तिवारी और अंकित भड़ाना द्वारा बनाई जा रही फिल्म यादव जी की लव स्टोरी में अभिनेत्री को यादव समाज से और अभिनेता को मुस्लिम समाज से जुड़ा दिखाया गया है, जो आपत्तिजनक है। यादव महासभा का कहना है कि इस तरह की प्रस्तुति से धार्मिक और जातीय वैमनस्य फैलने की आशंका है तथा समाज में गलत संदेश जा रहा है। इससे यादव समाज की भावनाएं गंभीर रूप से आहत हुई हैं और समाज में आक्रोश का माहौल है। यादव महासभा के पदाधिकारियों ने कहा कि किसी भी जाति या धर्म को इस प्रकार टारगेट करना सामाजिक सौहार्द के लिए घातक है। उन्होंने मांग की कि फिल्म की रिलीज पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। साथ ही फिल्म के निर्माता, निर्देशक, अभिनेता, अभिनेत्री और इससे जुड़े सभी लोगों पर न्यायिक एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के प्रयास न हों। जिला अध्यक्ष कल्याण सिंह यादव के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में स्पष्ट किया गया कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो समाज आंदोलन के लिए मजबूर होगा। - सीताराम नाटानी