क्षेत्रीय
24-Feb-2026
...


नर्मदापुरम (ईएमएस)। जन अभियान परिषद, मध्यप्रदेश के मार्गदर्शन में जिला जन अभियान परिषद नर्मदापुरम द्वारा जिला स्तरीय मासिक समीक्षा बैठक का आयोजन जिला मुख्यालय पर सफलतापूर्वक सम्पन्न हुआ। बैठक में संभाग समन्वयक कौशलेंश प्रताप तिवारी एवं जिला समन्वयक पवन सहगल की गरिमामयी उपस्थिति रही। बैठक में नवांकुर नर्सरी निर्माण, प्रस्फुटन समितियों की सेक्टर स्तरीय बैठकों, समितियों के दस्तावेजीकरण, नवांकुर संस्थाओं द्वारा विगत माह में किए गए कार्यों, प्रस्फुटन समितियों के बोर्ड-फ्लेक्स एवं कार्यालय निर्माण सहित विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत समीक्षा की गई। साथ ही प्रस्फुटन समितियों के उपयोगिता प्रमाण-पत्र अनिवार्य रूप से प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए। बैठक के दौरान जिले में कार्यरत समस्त चयनित नवांकुर संस्थाओं द्वारा विगत एक माह में किए गए कार्यों की प्रगति की विस्तार से समीक्षा की गई। जन अभियान परिषद मध्यप्रदेश कार्यालय द्वारा निर्धारित दायित्वों एवं कार्यक्रमों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर गहन चर्चा की गई। ग्राम चौपाल, सामूहिक श्रमदान तथा ग्राम स्तर पर परिवारों से व्यक्तिगत संपर्क जैसे विषयों पर आवश्यक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। संभाग समन्वयक कौशलेंश प्रताप तिवारी ने स्वावलंबन के माध्यम से महिला सशक्तीकरण पर जोर देते हुए कहा कि महिलाओं की आय वृद्धि हेतु नवाचार आधारित गतिविधियों को बढ़ावा दिया जाना आवश्यक है, जिससे महिलाएँ आत्मनिर्भर बन सकें। जिला समन्वयक पवन सहगल ने निर्देशित किया कि सभी नवांकुर संस्थाएँ ग्राम स्तर पर प्रस्फुटन समितियों को सक्रिय करें, नियमित सेक्टर स्तरीय बैठकें आयोजित करें, दीवार लेखन को प्राथमिकता दें तथा ग्राम चौपाल के माध्यम से शासकीय योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुँचाएँ। साथ ही पंचायत स्तर पर पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाने हेतु सेवा कार्यों को सशक्त बनाने पर बल दिया गया। बैठक में ब्लॉक समन्वयक नरेंद्र देशमुख, हरिदास दायमा, विवेक मालवीय, किशोर कड़ोले, दयाराम उमरे, सुखवती वर्मा सहित जिले की चयनित नवांकुर संस्थाओं के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आभार प्रदर्शन ब्लॉक समन्वयक नरेंद्र देशमुख द्वारा किया गया। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 24 फरवरी 2026