खेल
24-Feb-2026
...


:: 9वीं इंदौर जिला मास्टर्स स्पर्धा का समापन; हाई कोर्ट के न्यायाधीशों ने विजेताओं को किया पुरस्कृत :: इंदौर (ईएमएस)। नेहरू स्टेडियम के बैडमिंटन हॉल में चपलता, अनुभव और खेल भावना का अनूठा संगम देखने को मिला। इंदौर जिला बैडमिंटन संगठन द्वारा आयोजित सिम्बायोटेक ट्रॉफी 9वीं जिला मास्टर्स (वेटेरन्स) बैडमिंटन स्पर्धा के फाइनल मुकाबलों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। इस पूरी स्पर्धा के निर्विवाद नायक नितिन लश्करी रहे, जिन्होंने अपनी फिटनेस और सटीक शॉट्स के दम पर 45+ आयु वर्ग में क्लीन स्वीप करते हुए एकल, युगल और मिश्रित युगल के तीनों खिताब अपने नाम किए। नितिन के अलावा, फिटनेस के प्रति जागरूक शहर के वरिष्ठ खिलाड़ियों ने भी कोर्ट पर अपना दमखम दिखाया। मनीष त्रिवेदी, अंकित मोहता, अमर चंदनानी, और दीपा व्यास सहित 10 खिलाड़ियों ने विभिन्न श्रेणियों में दोहरे स्वर्ण पदक जीतकर अपनी श्रेष्ठता सिद्ध की। :: नितिन लश्करी का स्वर्णिम सफर :: स्पर्धा के सबसे चर्चित खिलाड़ी नितिन लश्करी ने 45+ पुरुष एकल के खिताबी मुकाबले में हरिओम राठौर को सीधे सेटों में 21-16, 21-7 से मात दी। इसके बाद पुरुष युगल में प्रकाश डोडेजा के साथ जोड़ी बनाकर दिनेश पाहुजा और विनोद आचार्य को एक कड़े संघर्ष (21-19, 13-21, 21-14) में पराजित किया। उन्होंने अपनी सफलता का सिलसिला मिश्रित युगल में भी जारी रखा, जहाँ दीपा व्यास के साथ मिलकर विशाल चांदवानी और प्राची चौबे को हराकर तिहरी उपलब्धि हासिल की। :: बड़े उलटफेर और रोमांचक मुकाबले :: टूर्नामेंट में वरीयता प्राप्त खिलाड़ियों को कड़ी चुनौती मिली। 40+ पुरुष एकल में अंकित मोहता ने पहले क्रम के सत्येंद्र होलकर को 17-21, 21-19, 21-16 से हराकर बड़ा उलटफेर किया। इसी प्रकार, 35+ वर्ग में विपुल बिंदल ने शीर्ष वरीय प्रतीक गुजराती को 21-17, 21-12 से हराकर सबको चौंका दिया। 65+ पुरुष युगल में किरण देशमुख और आर.पी. सिंह नैय्यर की जोड़ी ने खिताबी मुकाबले में अजय मोहता और एम.डी. यादव की मजबूत जोड़ी को शिकस्त दी। :: उम्र को दी मात: 75+ वर्ग में भी दिखा उत्साह :: वरिष्ठतम आयु वर्गों में अनुभव और ऊर्जा का अद्भुत तालमेल दिखा। 70+ पुरुष एकल में अनिल बारगल विजेता रहे, जबकि 75+ वर्ग में मोहनलाल बर्फा ने खिताबी जीत दर्ज की। महिला वर्ग में प्राची चौबे (35+) और दीपा व्यास (50+) ने अपनी श्रेणियों में स्वर्ण पदक जीते। स्पर्धा में पहली बार रिकॉर्ड 25 आयु वर्गों में मुकाबले आयोजित किए गए, जिसमें 150 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। :: न्यायाधीशों ने किया विजेताओं का सम्मान :: समापन समारोह के मुख्य अतिथि म.प्र. उच्च न्यायालय के न्यायाधीश पी.के. द्विवेदी एवं न्यायाधीश हिमांशु जोशी थे। उन्होंने विजेताओं को ट्राफियां प्रदान कीं और खिलाड़ियों के जज्बे की सराहना करते हुए कहा कि खेल उम्र की बाधाओं को तोड़कर जीवन में नई ऊर्जा भरते हैं। समारोह की अध्यक्षता सिम्बायोटेक के निदेशक सुशील सतवानी ने की। अतिथियों का स्वागत जिला संगठन के अध्यक्ष डॉ. अनिल भंडारी, सचिव आर.पी. सिंह नैय्यर और सह-सचिव धर्मेश यशलहा ने किया। इस अवसर पर संजीवनी ढवले और वंदना देवगिड़ीकर सहित कई पूर्व राष्ट्रीय खिलाड़ी भी उपस्थित थे। कार्यक्रम का सफल संचालन सुधांशु व्यास ने किया। प्रकाश/24 फरवरी 2026