खेल
24-Feb-2026
...


:: ओलंपिक पदक विजेता भाविना पटेल होंगी मुख्य आकर्षण; 22 राज्यों के 300 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम :: :: इंदौर को सातवीं बार मिली मेजबानी; 1.50 लाख की इनामी राशि के लिए होगा कड़ा मुकाबला :: इंदौर (ईएमएस)। इंदौर एक बार फिर राष्ट्रीय खेल क्षितिज पर अपनी चमक बिखेरने को तैयार है। टेबल टेनिस फेडरेशन ऑफ इंडिया के तत्वावधान में म.प्र. टेबल टेनिस संगठन और पैरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन द्वारा 26 से 28 फरवरी तक स्थानीय अभय प्रशाल में यूटीटी पैरा नेशनल टेबल टेनिस स्पर्धा आयोजित की जा रही है। शहर को सातवीं बार इस प्रतिष्ठित नेशनल टूर्नामेंट की मेजबानी का गौरव प्राप्त हुआ है। भारतीय पैरा टेबल टेनिस प्रमोशन एसोसिएशन के अध्यक्ष ओम सोनी एवं महासचिव प्रमोद गंगराडे ने बताया कि इस तीन दिवसीय महाकुंभ में देश के 22 राज्यों से 300 से अधिक खिलाड़ी और अधिकारी शिरकत करेंगे। मुख्य प्रायोजक अल्टीमेट टेबल टेनिस (यूटीटी) के सहयोग से आयोजित इस स्पर्धा में अंतरराष्ट्रीय स्तर के भारतीय सितारे अपना कौशल दिखाएंगे। :: विश्व रैंकिंग के दिग्गजों के बीच होगी खिताबी जंग :: स्पर्धा का सबसे बड़ा आकर्षण टोक्यो पैरा ओलंपिक की रजत पदक विजेता गुजरात की भाविना पटेल होंगी, जिनकी वर्तमान विश्व रैंकिंग 2 है। उनके साथ टोक्यो ओलंपिक में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करने वाली गुजरात की ही सोनल पटेल (विश्व रैंकिंग 7) भी अपनी चुनौती पेश करेंगी। इन दो स्टार खिलाड़ियों के अलावा महिला वर्ग में विश्व स्तर की रैंकिंग वाली खिलाड़ियों की लंबी सूची है, जिनमें तमिलनाडु की बेबी सहाना (विश्व रैंकिंग 10), हरियाणा की एकता भ्यान (विश्व रैंकिंग 12), उत्तर प्रदेश की प्राची पांडे (विश्व रैंकिंग 18) और गुजरात की जमानी नूरजहां (विश्व रैंकिंग 23) शामिल हैं। इनके साथ ही तेलंगाना की विजया दीपिका (विश्व रैंकिंग 24), महाराष्ट्र की वैष्णवी सुतार (विश्व रैंकिंग 26) और मध्य प्रदेश की होनहार खिलाड़ी देवयानी वाल्घे भी खिताबी दावेदारी पेश करेंगी। :: पुरुष वर्ग में संदीप डांगी और जे.डी. मदान पेश करेंगे चुनौती :: पुरुषों के मुकाबलों में भी कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा जहाँ एशियाई पैरा गेम्स के कांस्य पदक विजेता हरियाणा के संदीप डांगी (विश्व रैंकिंग 21) मुख्य दावेदार के रूप में उतरेंगे। उनके अलावा तमिलनाडु के जे. डी. मदान (विश्व रैंकिंग 16), हरियाणा के शुभम वाधवा (विश्व रैंकिंग 24), गुजरात के रमेश चौधरी (विश्व रैंकिंग 26), उत्तर प्रदेश के त्रिवेंद्र सिंह (विश्व रैंकिंग 40) और तेलंगाना के हितेश डोलवानी (विश्व रैंकिंग 41) जैसे दिग्गज खिलाड़ी आकर्षण का केंद्र रहेंगे। इनके साथ ही तमिलनाडु के अविनाश गोपीनाथ (विश्व रैंकिंग 61), कर्नाटक के संजीव हम्मनवार (विश्व रैंकिंग 73) और गुजरात के यजदी भामगरा (विश्व रैंकिंग 68) भी अपनी रैंकिंग सुधारने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। :: 10 श्रेणियां और डेढ़ लाख की इनामी राशि :: स्पर्धा निदेशक जयेश आचार्य के अनुसार यह टूर्नामेंट कुल 10 श्रेणियों में खेला जाएगा, जिसमें वर्ग 1 से 5 व्हीलचेयर खिलाड़ियों के लिए और वर्ग 6 से 10 स्टैंडिंग डिसेबल खिलाड़ियों के लिए निर्धारित हैं। एकल मुकाबलों के साथ ही 15 विभिन्न वर्गों में युगल मैच भी आयोजित होंगे। विजेताओं के लिए कुल 1.50 लाख रुपये की नकद पुरस्कार राशि, आकर्षक ट्रॉफी और मेडल रखे गए हैं। मैच स्टैग ग्लोबल की आधुनिक रोमा टेबल और प्रीमियम बॉल्स पर खेले जाएंगे। टूर्नामेंट के सुचारू संचालन के लिए आंध्र प्रदेश के डी.एस. रमन कुमार को मुख्य निर्णायक नियुक्त किया गया है। प्रकाश/24 फरवरी 2026