राष्ट्रीय
24-Feb-2026


लुधियाना (ईएमएस)। लुधियाना की सिटी यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले मुस्लिम छात्र-छात्राओं ने आरोप लगाया कि रमजान के दौरान उनको यूनिवर्सिटी की कैंटीन में खाना नहीं मिला. जब छात्र-छात्राओं ने इस मामले में यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर से बातचीत की तो उन्होंने गाली निकालते हुए कहा कि इनको बाहर निकाल दो. बाद में यह विवाद इतना बढ़ गया कि यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले मुस्लिम छात्राओं ने इस मामले को सोशल मीडिया के जरिए जम्मू कश्मीर के नेताओं तक पहुंचाया. वहां से आला नेताओं ने पंजाब के मुख्यमंत्री को सोशल मीडिया पर सारी जानकारी दी, जिसके बाद हरकत में आए लुधियाना जिला प्रशासन के अधिकारियों ने मध्यस्थता की. छात्र-छात्राओं से बदसलूकी करने वाले यूनिवर्सिटी के वाइस चांसलर को उनके पद से हटाया गया, जिसके बाद यह मामला शांत हुआ. अब इस मामले में यूनिवर्सिटी के सभी अधिकारियों ने मीडिया से दूरी बना ली है. इस मामले में मौलाना मुहम्मद उस्मान रहमानी लुधियानवी (शाही इमाम पंजाब) ने भी मध्यस्थता की. लेकिन जम्मू कश्मीर के छात्रों ने उनकी बात भी नहीं मानी और वह वाइस चांसलर को पद से हटाने की बात पर अड़े रहे. अब यूनिवर्सिटी में पढ़ने वाले मोहम्मदन छात्र-छात्राओं को रमजान के दौरान खाना उपलब्ध करवाने की बात भी यूनिवर्सिटी ने मानी है. सुबोध/२४-०२-२०२६