राष्ट्रीय
24-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। होली के त्योहार के दौरान स्टेशनों पर होने वाली अत्यधिक भीड़ को नियंत्रित करने के लिए दिल्ली के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म टिकटों की बिक्री पर अस्थायी रोक लगा दी गई है। उत्तर रेलवे के अनुसार, यह पाबंदी 26 फरवरी से 3 मार्च तक लागू रहेगी। रेलवे के इस आदेश दायरे में नई दिल्ली, दिल्ली जंक्शन (पुरानी दिल्ली), हजरत निजामुद्दीन, आनंद विहार टर्मिनल और दिल्ली सराय रोहिल्ला जैसे व्यस्त स्टेशन शामिल किए गए हैं। हालांकि, मानवीय आधार पर कुछ श्रेणियों के लिए इन नियमों में ढील दी गई है। वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगजनों, बीमार व्यक्तियों और महिला यात्रियों की सहायता के लिए आने वाले परिजनों या सहायकों को प्लेटफॉर्म टिकट की इस पाबंदी से छूट दी जाएगी। इसके साथ ही, स्टेशनों पर सुरक्षा और व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह भी स्पष्ट किया गया है कि यात्रियों का प्रवेश केवल निर्धारित गेट से ही होगा। सुबोध/२४-०२-२०२६