राष्ट्रीय
24-Feb-2026


नई दिल्ली (ईएमएस)। भारतीय रेलवे ने जम्मू और कश्मीर में श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा -श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों का परिचालन विस्तार जम्मू तक कर दिया है. इस इलाके के लोगों की यह लंबे समय से चली आ रही मांग थी जो अब पूरी हो गई है, जिससे हजारों यात्रियों को तेज, सुरक्षित और ज़्यादा भरोसेमंद यात्रा का विकल्प मिल गया हैं. उत्तर रेलवे से मिली जानकारी के अनुसार, 1 मार्च से वंदे भारत ट्रेन जम्मू से चलना शुरू होगी. जम्मू तवी- श्रीनगर वंदे भारत एक्सप्रेस (26401) सुबह 6:15 पर चलेगी. यह ट्रेन श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा 8.08 बजे, रियासी 8.28 बजे, बनिहाल 9:56 बजे होते हुए श्रीनगर 11:10 बजे पहुंच जाएगी. श्रीनगर- जम्मू तवी वंदे भारत एक्सप्रेस (26402) दोपहर 2 बजे चलकर, 2:58 पर बनिहाल, 4:34 रियासी, शाम 5 बजे श्री माता वैष्णो देवी कटड़ा होते हुए 6:50 बजे जम्मू तवी पहुंचेगी. कुल मिलाकर ट्रेन जम्मू से श्रीनगर की दूरी अब 5 घंटे से भी कम समय में पूरी होगी. यह सड़क मार्ग की तुलना में कहीं ज़्यादा तेज और सुरक्षित है. वंदे भारत सेवाओं का विस्तार एक भरोसेमंद, हर मौसम का विकल्प देता है जो सुरक्षा, आराम और समय की पाबंदी सुनिश्चित करता है. सुबोध/२४-०२-२०२६