राष्ट्रीय
25-Feb-2026


-वीर सोरेन दोस्तों के साथ घूमने मनाली गए थे वहीं बर्फबारी में हो गए थे बेहोश जमशेदपुर,(ईएमएस)। झारखंड के पूर्व सीएम चंपई सोरेन के पोते वीर सोरेन की दुखद मौत की खबर सामने आई है। मिली जानकारी के मुताबिक यह घटना हिमाचल प्रदेश के कुल्लू जिले में हुई। बता दें वीर सोरेन चंपई सोरेन के बेटे बाबूलाल सोरेन के पुत्र थे। घटना की खबर मिलते ही झारखंड के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में शोक की लहर दौड़ गई। परिवार के लोग गहरे सदमे में हैं। जानकारी के मुताबिक वीर सोरेन अपने दोस्तों के साथ घूमने के लिए मनाली गए थे। बताया जा रहा है कि वे कुल्लू मनाली क्षेत्र में बर्फबारी का आनंद ले रहे थे। जानकारी के मुताबिक उनकी उम्र 19 से 21 वर्ष के बीच है। बर्फ में खेलने और ठंड में समय बिताने के बाद वे अपने होटल लौटे थे। बताया जा रहा है कि होटल पहुंचने के कुछ ही समय बाद वीर सोरेन की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वे बेहोश हो गए। उनके दोस्तों ने तुरंत उन्हें नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। फिलहाल मौत का सटीक कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। कुल्लू में बर्फबारी के बीच बेहोश हुए थे वीर सोरेन, अस्पताल में डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित किया। चंपई सोरेन के घर में पसरा मातम। घटना कुल्लू थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। स्थानीय पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक अत्यधिक ठंड, हाइपोथर्मिया या अचानक स्वास्थ्य समस्या जैसे कारणों की संभावना पर जांच हो रही है। हालांकि आधिकारिक पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। मौत की सूचना मिलते ही परिवार के सदस्य झारखंड के सरायकेला से कुल्लू के लिए रवाना हो गए। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि यह घटना पूरी तरह अप्रत्याशित थी। चंपई सोरेन के परिवार के लिए यह बेहद दुखद समय है। राजनीतिक दलों और नेताओं ने भी शोक व्यक्त किया है। बता दें चंपई सोरेन झारखंड की राजनीति में एक प्रमुख चेहरा रहे हैं और वह प्रदेश के पूर्व सीएम रह चुके हैं। ऐसे में उनके पोते की असमय मृत्यु की खबर से राजनीतिक जगत में भी संवेदना व्यक्त की जा रही है। फिलहाल सभी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर टिकी है, जिससे मौत के कारणों का खुलासा हो सके। सिराज/ईएमएस 25फरवरी26