क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


प्रदेशव्यापी आंदोलन की कड़ी में भोपाल में हुई ‘न्याय यात्रा’ और सामूहिक हड़ताल - भारी पुलिस बल तैनात, की गई बैरिकेडिंग, पुलिस से हुई तनातनी भोपाल(ईएमएस)। लंबे समय से अपनी 9-सूत्रीय मांगों को लेकर आवाज उठा रहे मध्य प्रदेश के लगभग 30 हजार आउटसोर्स स्वास्थ्य कर्मचारी 25 फरवरी 2026 से प्रदेशव्यापी आंदोलन की राह पर है। इसी कड़ी में भोपाल में ‘न्याय यात्रा’ और सामूहिक हड़ताल की गई। इससे जिला अस्पतालों और स्वास्थ्य केंद्रों की सेवाएं प्रभावित हुई हैं। प्रदर्शन के दौरान भोपाल के जेपी अस्पताल परिसर में हजारो कर्मचारियो ने पहुंचकर सरकार और विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। हालांकि किसी भी तरह की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिये अस्पताल परिसर में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था, साथ ही प्रदर्शनकारियो को रोकने के लिये बैरिकेडिंग करते हुए अस्पताल के सारे रास्ते बंद कर दिए गए थे। इसके बाद प्रदर्शनकारियो ने गेट पर ही नारेबाजी करते हुए भीतर जाने का प्रयास किया जिसे लेकर उनकी पुलिस कर्मियो से खासी बहस भी हुई। इस दौरान न्याय यात्रा में शामिल अपने ढाई साल के बच्चे के साथ शामिल होने आई एक महिला कर्मचारी बेहोश होकर गिर गई। प्रदर्शन में एड्स कंट्रोल एम्प्लॉइज यूनियन, जॉइंट डेंगू-मलेरिया एम्प्लॉइज यूनियन, ऑल हेल्थ ऑफ़िसर्स एम्प्लॉइज फेडरेशन, कॉन्ट्रैक्ट आउटसोर्स्ड हेल्थ वर्कर्स यूनियन और नर्सिंग ऑफिसर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधियों ने विरोध प्रदर्शन में हिस्सा लिया। स्वास्थ्य अधिकारी कर्मचारी महासंघ के पदाधिकारियो का कहना है की अपनी मांगो को लेकर संविदा कर्मचारी लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं, लेकिन विभागीय अधिकारी उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दे रहे। यदि जल्द ही उनकी मांगो पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन और तेज किया जायेगा। जुनेद / 25 फरवरी