क्षेत्रीय
25-Feb-2026
...


शिवपुरी ( ईएमएस ) जिले के कोलारस थाना क्षेत्र में बुधवार सुबह एक खेत में नीम के पेड़ से युवक और युवती के शव फांसी के फंदे पर लटके मिले। घटना गुड़ा रोड स्थित खेत की है, जहां राहगीरों ने शव देख पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को पेड़ से उतारकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की पहचान मदनपुर निवासी 19 वर्षीय जितेंद्र धाकड़ के रूप में हुई है। वहीं नाबालिग 17 साल की है। शुरुआती जानकारी के अनुसार दोनों के बीच लंबे समय से प्रेम संबंध थे। जानकारी के अनुसार अक्टूबर 2025 में जितेंद्र, नाबालिग को अपने साथ ले गया था। इस पर युवती के परिजनों की शिकायत पर बदरवास थाने में मामला दर्ज किया गया था। पुलिस ने 8 नवंबर को जितेंद्र को गिरफ्तार कर नाबालिग को बरामद किया था। नाबालिग के बयान के आधार पर आरोपी पर पॉक्सो एक्ट सहित दुष्कर्म की धाराएं जोड़ी गई थीं और उसे जेल भेजा गया था। बाद में आरोपी 11 फरवरी को जमानत पर रिहा हुआ। 24 फरवरी को दोनों अपने-अपने घरों से फिर लापता हो गए थे। बुधवार सुबह उनके शव गुड़ा रोड स्थित खेत में मिले। युवती के गले में मंगलसूत्र भी मिला है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।